विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Chhath Puja 2026: छठमय हुआ धनबाद कोयलांचल, नहाय-खाय के साथ महापर्व का आगाज; शुभ संयोग से बढ़ा उत्साह

Published: Fri, 13 Nov 2026 09:47 AM (IST)

Chhath Puja 2026 Nahaye Khaye: धनबाद में लोक आस्था का महापर्व छठ नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है, जिसमें व्रती स्नान कर भगवान भास्कर की आराधना करेंगी।

Chhath Puja 2026: शुभ संयोग में आज से नहाय-खाय। (सांकेतिक फोटो)

Chhath Puja 2026: शुभ संयोग में आज से नहाय-खाय। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती करेंगे सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना

  2. सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूरा होगा अनुष्ठान।

जागरण संवाददाता धनबाद। Nahaye Khaye 2026 : सूर्योपासना के महान पर्व छठ की गूंज आज से पूरे कोयलांचल में सुनाई देगी। शुक्रवार को प्रात काल घरों की साफ-सफाई के उपरांत व्रतियों द्वारा स्नान कर विधि-विधान के साथ भगवान भास्कर की आराधना करने के साथ ही चार दिवसीय इस महापर्व का विधिवत शुभारंभ हो रहा है।

आज पवित्रता के प्रतीक 'नहाय-खाय' के अनुष्ठान के तहत व्रती कद्दू-भात का प्रसाद तैयार कर सूर्यदेव को अर्पित करेंगी और इसके बाद इसे ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेंगी। नहाय-खाय के ठीक अगले दिन शनिवार को खरना (लोहंडा) का अनुष्ठान संपन्न होगा।

इस दिन पूरे दिन उपवास रखने के पश्चात व्रती शाम के समय आम की लकड़ी की आंच पर गन्ने के रस व दूध में चावल की खीर, चावल का पीठा और घी चुपड़ी रोटी का प्रसाद विशेष तौर पर तैयार करेंगी।

छठी मईया को भोग लगाने के बाद इस प्रसाद को परिजनों और आसपास के लोगों में वितरित किया जाएगा। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का कठिन 36 घंटों का निर्जला उपवास आरंभ हो जाएगा।

महापर्व के तीसरे दिन रविवार की संध्या को व्रती नदी, तालाब व विभिन्न घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगी। वहीं अनुष्ठान के अंतिम दिन सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही इस चार दिवसीय कठोर व्रत का समापन होगा, जिसके बाद व्रती अन्न-जल ग्रहण कर पारण करेंगी।

पर्व को लेकर शहर के विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और हर तरफ भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

तीन साल बाद बना दुर्लभ महासंयोग, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य

इस बार छठ महापर्व पर आस्था और पंचांग का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। पर्व के चारों दिनों में ग्रह-गोचरों का शुभ संयोग बन रहा है। शुक्रवार को नहाय-खाय की शुरुआत नक्षत्र, धृति योग और रवियोग के विशेष संयोग में होगी।

वहीं, सूर्योपासना के महापर्व छठ में इस बार एक दुर्लभ खगोलीय संयोग भी बन रहा है। सूर्यदेव को समर्पित रविवार के दिन ही व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। यह विशेष संयोग तीन साल बाद आया है।

इससे पहले 19 नवंबर 2023 को रविवार के दिन छठ का पहला अर्घ्य अर्पित किया गया था। इसके पूर्व 30 अक्टूबर 2022, 6 नवंबर 2016 और 10 नवंबर 2002 को भी रविवार के दिन पहला अर्घ्य देने का संयोग बना था। ऐसे में इस बार का छठ पर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ पंचांग की दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है।

यह भी पढ़ें- धनबाद के ओम अपार्टमेंट में पटाखे के रॉकेट से लगी आग, दमकल की मुस्तैदी से टली बड़ी अनहोनी

यह भी पढ़ें- छठ पर धनबाद के यात्रियों को राहत, रांची-गोरखपुर से टाटा-छपरा तक चार स्पेशल ट्रेनें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।