विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में फिर सक्रिय हुआ अवैध कोयला कारोबार? मालकेरा में डिपो के विरोध में उतरे ग्रामीण, कतरास थाना में शिकायत

Published: Fri, 16 Oct 2026 04:40 PM (IST)

धनबाद के मालकेरा में अवैध कोयला डिपो के संचालन के खिलाफ ग्रामीणों ने कतरास थाने में शिकायत दर्ज कराई है। ...और पढ़ें

कोयले की चोरी के विरोध में कतरसा थाना पहुंचे ग्रामीण। (फोटो जागरण)

कोयले की चोरी के विरोध में कतरसा थाना पहुंचे ग्रामीण। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. मालकेरा में अवैध कोयला डिपो संचालन पर ग्रामीणों का विरोध।

  2. स्कूल, खेल मैदान के पास डिपो से प्रदूषण का खतरा।

  3. कतरास थाने में ग्रामीणों ने अवैध डिपो की शिकायत दर्ज कराई।

संवाद सूत्र, कतरास (धनबाद)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा उच्चस्तरीय बैठक के बाद धनबाद कोयलांचल में कोयले की चोरी पर ब्रेक लगी थी। सीआइएसएफ ने चोरी रोकने के लिए अभियान चला रखा है। वहीं, दूसरी तरफ पुलिस का अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने की बात कही जा रही है। इस कारण एक बार फिर से कोयले के अवैध खनन और अवैध डिपो संचालन करने वाला नेटवर्क एक्टिव हो गया है।

मालकेरा उत्तर पंचायत के करमधौड़ा बस्ती में अवैध कोयला डिपो खोले जाने को लेकर ग्रामीणों ने आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर घनी आबादी और सार्वजनिक स्थलों के समीप कोयले का भंडारण किया जा रहा है।

स्कूल और खेल मैदान पर इसका बुरा प्रभाव पड़ेगा। यह डिपो पास के विद्यालय तथा मैदान का अस्तित्व को समाप्त कर देगा। डिपो से वाहनों की आवाजाही के धूलकण के कारण स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा विद्यालय के शांत शैक्षणिक माहौल खराब होगा।

ग्रामीणों ने कहा कि बच्चों और युवाओं के खेलकूद का एकमात्र मैदान को डिपो संचालकों द्वारा अतिक्रमण कर कोयला डिपो में तब्दील कर दिया गया है। इतना ही नहीं, खेती योग्य भूमि, पास के तालाब और ग्रामीणों के मुख्य आवागमन मार्ग भी इस डिपो के कारण प्रभावित हो रहे हैं।

करमधौड़ा गांव के 40 से अधिक महिला-पुरुषों ने एकजुट होकर कतरास थाना प्रभारी को एक लिखित आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए अवैध डिपो के संचालन पर तुरंत रोक लगाने और दोषी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

आवेदन पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में मुख्य रूप से रवी कुमार, अनिल कुमार, आदित्य कुमार मांझी, अमित हेला, गौरव कुमार, रोहित कुमार साव, शिवानी कुमारी, सिम्मी परवीन, मैमुन खातून, पूजा देवी, नंदू राजवार, राजेश कुमार, इकबाल अंसारी, असमी देवी, इरफान अली, मुजफ्फर हुसैन, अशोक हेला, ललिता देवी आदि शामिल है।

कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मालकेरा रेलवे साइडिंग के बगल में एनटीपीसी का डीओ का कोयला उठाव के लिए रखा गया है। जिससे प्रदूषण फैलने को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया और थाना में लिखित शिकायत दी है।

यह भी पढ़ें- Railway News: दुर्गापूजा पर बदला आरक्षण काउंटरों का समय, दोपहर 2 बजे के बाद नहीं बनेंगे टिकट

यह भी पढ़ें- पुरी यात्रियों के लिए खुशखबरी: खुर्दा रोड-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन की घोषणा, गोमो में होगा ठहराव