Railway News: दुर्गापूजा पर बदला आरक्षण काउंटरों का समय, दोपहर 2 बजे के बाद नहीं बनेंगे टिकट
Indian Railway Update: धनबाद समेत रेल मंडल के सभी आरक्षण काउंटर 20 अक्टूबर को महानवमी के कारण दूसरी पाली में ...और पढ़ें

धनबाद रेल मंडल में दुर्गापूजा पर रेलवे आरक्षण काउंटरों के समय में बदलाव। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। East Central Railway (ECR): दुर्गापूजा के अवसर पर रेलवे आरक्षण काउंटरों के संचालन के समय में बदलाव किया गया है। नवमी और दशमी के दिन दोपहर बाद रेलवे रिजर्वेशन काउंटर बंद रहेंगे। इसके कारण यात्रियों को टिकट आरक्षण कराने और अन्य संबंधित कार्यों के लिए निर्धारित समय का ध्यान रखना होगा।

धनबाद रेलवे स्सटेशन समेत धनबाद रेल मंडल के सभी आरक्षण काउंटर 20 अक्टूबर को दूसरी पाली में बंद रहेंगे। रेल आरक्षण सेवा सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक उपलब्ध होगी। दूसरी पाली में दोपहर दो से रात आठ बजे तक काउंटर नहीं खुलेंगे।
धनबाद स्टेशन पर दूसरी पाली में रात 10 बजे तक एक काउंटर खुलता है। 20 को यह सेवा उपलब्ध नहीं होगी। आम तौर पर विजयदशमी के दिन आरक्षण काउंटर आधे दिन बंद रहते हैं। इस बार महानवमी पर भी दूसरी पाली में काउंटर बंद रहेंगे। करंट बुकिंग काउंटर पर आरक्षण सेवा बहाल रहेगी।
इस साल 20 अक्टूबर को नवमी और 21 अक्टूबर को विजयदशमी है। त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा और काउंटर संचालन से संबंधित व्यवस्था के तहत Indian Railway ने निर्णय लिया गया है। ऐसे में जिन यात्रियों को यात्रा के लिए आरक्षित टिकट बनवाना है या टिकट से जुड़ा कोई जरूरी काम कराना है, उन्हें दोपहर से पहले ही काउंटर पहुंचने की सलाह दी जाती है।
काउंटर बंद रहने की अवधि में यात्रियों को आरक्षण संबंधी कार्यों के लिए परेशानी हो सकती है। हालांकि, ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहने की स्थिति में यात्री रेलवे की अधिकृत वेबसाइट या मोबाइल एप के माध्यम से टिकट बुक करा सकते हैं।
यात्रियों को सलाह दी जाती है कि काउंटर खुलने और बंद होने के समय की पुष्टि संबंधित रेलवे स्टेशन से कर लें।
