धनबाद में अवैध खनन का विरोध पड़ा भारी, धंधेबाजों के हमले में कई ग्रामीण घायल
Dhanbad Illegal Mining: धनबाद के खेजुरिया में अवैध कोयला खनन को लेकर ग्रामीणों और कथित कोयला कारोबारियों के बीच हिंसक ...और पढ़ें

मारपीट के बाद शिकायत दर्ज कराने कुमारधुबी ओपी पहुंचे दोनों पक्ष के लोग। (फोटो जागरण)
HighLights
खेजुरिया में अवैध कोयला खनन पर हिंसक झड़प।
आधा दर्जन लोग चोटिल, कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए।
ग्रामीणों ने घरों में दरारें पड़ने का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, मैथन (धनबाद)। कुमारधुबी ओपी क्षेत्र के जोगरात पंचायत अंतर्गत खेजुरिया बस्ती में अवैध कोयला खनन को लेकर रविवार देर रात ग्रामीणों और कथित कोयला कारोबारियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले।
मारपीट में करीब आधा दर्जन लोग चोटिल हो गए, जबकि कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। सोमवार सुबह दोनों पक्षों ने कुमारधुबी ओपी पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि खेजुरिया बस्ती के समीप अवैध कोयला खनन के लिए ब्लास्टिंग की जा रही है। इसके कारण उनके घरों की दीवारों में दरारें पड़ने लगी हैं।
ग्रामीणों ने जब बस्ती के आसपास अवैध खनन और विस्फोट रोकने की बात कही तो कथित कोयला कारोबारियों ने उलटे उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि इस दौरान कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। बाद में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के जुटने पर दूसरे पक्ष के लोग वहां से भाग गए।
मुखिया प्रतिनिधि के नेतृत्व में थाना पहुंचे ग्रामीण
घटना के विरोध में सोमवार सुबह मुखिया प्रतिनिधि रिंटू पाठक के नेतृत्व में काफी संख्या में ग्रामीण कुमारधुबी ओपी पहुंचे। उन्होंने अवैध कोयला खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन पुलिस को सौंपा।
रिंटू पाठक ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने क्षेत्र में संचालित अवैध खदानों पर भी तत्काल रोक लगाने की मांग की।
वहीं, दूसरे पक्ष के अशोक पांडे ने भी ग्रामीणों पर मारपीट करने और वाहनों में तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
खेजुरिया के आसपास खुल गई हैं कई अवैध खदानें : ग्रामीणों का कहना है कि खेजुरिया बस्ती के आसपास इन दिनों बड़ी संख्या में अवैध कोयला खदानें संचालित हो रही हैं। खनन के लिए की जा रही गतिविधियों से आसपास के घरों को खतरा उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। इसी कारण आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं।
गलफरबाड़ी के दुधियापानी में भी हो चुकी है भिड़ंत, बाबूलाल के पास पहुंची शिकायत
अवैध कोयला खनन को लेकर गलफरबाड़ी ओपी क्षेत्र के दुधियापानी में भी हाल के दिनों में ग्रामीणों और कथित कोयला कारोबारियों के बीच मारपीट हो चुकी है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने मैथन पहुंचे भाजपा के नेता प्रतिपक्ष एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी से मुलाकात कर शिकायत की थी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि दुधियापानी में मुन्ना और पिंटू नामक भट्ठा संचालकों के संरक्षण में बड़े पैमाने पर अवैध खनन कराया जा रहा है। इससे उनके घरों के नीचे की जमीन खोखली हो रही है।
लोगों को आशंका है कि कभी भी जमीन धंसने से बड़ी दुर्घटना हो सकती है और जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया था कि पुलिस से शिकायत करने पर उन्हें ही झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार, बाबूलाल मरांडी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद दुधियापानी और गलफरबाड़ी सन्यासी मंदिर के समीप बड़े पैमाने पर अवैध खनन जारी रहने का आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इन्कार नहीं किया जा सकता।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।