मिठाई के पैकेट में शराब तस्करी: धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस का कोच अटेंडेंट गिरफ्तार
Dhanbad Allepy Express में मिठाई के पैकेट में शराब तस्करी का खुलासा हुआ है। आरपीएफ-सीआइबी ने कोच अटेंडेंट और सप्लायर को पांच पैकेट शराब के साथ गिरफ्तार किया।

Allepy Express से बरामद शराब के साथ आरपीएफ की टीम। (फोटो साैजन्य)
जागरण संवाददाता, धनबाद। ट्रेनों में शराब तस्करी का तस्करों ने नया नुस्खा ढूंढ़ निकाला है। त्योहारी सीजन में मिठाई के पैकेट में छिपाकर ट्रेन तक शराब पहुंच रही है। शुक्रवार को इसका खुलासा तब हुआ जब धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस के एसी कोच के कोच अटेंडेंट को शराब से भरे मिठाई के पांच पैकेट के साथ दबोचा गया।
शराब पहुंचाने वाले सप्लायर को भी पकड़ा गया। इनमं भूली ई-ब्लाक का 45 वर्षीय शंकर कुमार तथा बोकारो का 30 वर्षीय राजेश रजवार शामिल हैं। पूछताछ में कोच अटेंडेंट ने शराब तस्करी का अपराध किया।उसने बताया कि छिपा कर शराब ले जाता है और अलेप्पी एक्सप्रेस में मुंह मांगे दाम पर यात्रियों को उपलब्ध करा देता है।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि शराब तस्करी की शिकायत पर धनबाद स्टेशन के प्लेटफार्म सात पर बी-वन कोच की निगरानी की गई। कोच अटेंडेंट व सप्लायर को देखा गया। सप्लायर ने पिट्ठू बैग से चार मिठाई का पैकेट कोच अटेंडेंट को दिया।
कोच अटेंडेंट ने चार पैकेट ट्रेन की अलमारी में रखा और एक अपने पिट्ठू बैग में रख लिया। आरपीएफ व सीआइबी ने तत्काल छापेमारी की और पांच पैकेट के साथ दोनों को पकड़ लिया। जब्त मिठाई के पैकेट में प्रत्येक में पांच बोतल शराब मिले। दोनों को उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया। अभियान में एएसआइ शशिकांत तिवारी समेत अन्य शामिल थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।