विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुर्गापूजा में अंधेरे से मिलेगी मुक्ति! धनबाद में 2750 स्ट्रीट लाइटें लगाने की तैयारी

Published: Fri, 16 Oct 2026 07:07 PM (GMT+05:30)

धनबाद नगर निगम दुर्गापूजा से पहले शहर के 55 वार्डों में 2750 स्ट्रीट लाइटें लगाने की तैयारी में है। महापौर ...और पढ़ें

धनबाद नगर निगम बोर्ड की बैठक में भाग लेते मेयर संजीव सिंह, नगर आयुक्त आशीष गंगवार और अन्य। (फोटो जागरण)

धनबाद नगर निगम बोर्ड की बैठक में भाग लेते मेयर संजीव सिंह, नगर आयुक्त आशीष गंगवार और अन्य। (फोटो जागरण)

जागरण संवाददाता, धनबाद। दुर्गापूजा में शहर की सड़कों पर अंधेरा नहीं रहे तथा श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसको लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दिया है। नगर निगम के सभी 55 वार्डों में 50-50 स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना पर स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में चर्चा हुई। इसके तहत कुल 2750 स्ट्रीट लाइटें लगाने का प्रस्ताव सामने आया।

साथ ही जर्जर सड़कों की मरम्मत, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने और पेयजलापूर्ति बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। बैठक महापौर संजीव सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें नगर आयुक्त आशीष गंगवार समेत स्टैंडिंग कमेटी के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।

बैठक में आगामी दुर्गापूजा सहित अन्य त्याैहारों के दौरान शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

इसके लिए सड़क, बिजली, पानी और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करना जरूरी है। बैठक में शहर की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने और आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। नगर निगम की तैयारियों का उद्देश्य शहरवासियों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

वार्डों में रोशनी बढ़ाने पर विशेष जोर

शहर के सभी 55 वार्डों में 50-50 स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना को बैठक में महत्वपूर्ण मुद्दे के रूप में उठाया गया। इससे वार्डों की गलियों और प्रमुख मार्गों पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

पूजा पंडालों के आसपास और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों में भी बेहतर प्रकाश व्यवस्था की जरूरत पर बल दिया गया। इसके साथ ही जर्जर सड़कों की मरम्मत और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने पर चर्चा हुई, ताकि त्यौहारों के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

पेयजल और सफाई व्यवस्था पर भी चर्चा

बैठक में पेयजलापूर्ति को सुचारू बनाए रखने तथा शहर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। त्योहारों के दौरान पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्वच्छता बनाए रखना नगर निगम के लिए महत्वपूर्ण होगा। इसके अलावा नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को नियमानुसार बोनस का भुगतान सुनिश्चित करने के मुद्दे पर भी चर्चा की गई।

नागरिक सुविधाओं में नहीं होनी चाहिए कमी

महापौर संजीव सिंह ने कहा कि दुर्गापूजा सहित सभी पर्व-त्योहारों के दौरान धनबाद वासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि शहर के सभी वार्डों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर हों।

सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, बिजली, पेयजल और सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। त्यौहारों में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। धनबाद को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर काम करेंगे।

समयबद्ध तैयारी पर जोर

नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि आगामी त्यौहारों को देखते हुए नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की जरूरत है। सड़क, रोशनी, पेयजल और सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय जरूरी है।

उन्होंने त्यौहारों के दौरान आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवश्यक तैयारियों पर ध्यान देने की बात कही।

यह भी पढ़ें- JETET Exam 2026: नौ साल बाद परीक्षा, बदले पैटर्न और नियमों ने बढ़ाई अभ्यर्थियों की चिंता

यह भी पढ़ें- धनबाद में खाद्य सुरक्षा अभियान: अस्वच्छता पर चंपारण मीट हाउस समेत कई प्रतिष्ठानों को नोटिस