धनबाद में खाद्य सुरक्षा अभियान: अस्वच्छता पर चंपारण मीट हाउस समेत कई प्रतिष्ठानों को नोटिस
Champaran Meat House: धनबाद में आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सरायढेला क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। ...और पढ़ें

खाद्य सुरक्षा अभियान के दौरान धनबाद के होटल में खाद्य पदार्थों की जांच। (फोटो सौजन्य)
HighLights
धनबाद में त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा जांच अभियान चला।
चंपारण मीट हाउस सहित कई प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी।
अस्वच्छ खाद्य तैयारी और रखरखाव पर कार्रवाई की गई।
जागरण संवाददाता, धनबाद। आगामी त्योहारों के मद्देनजर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार तथा खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. राजा कुमार के मार्गदर्शन में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग, धनबाद द्वारा सरायढेला क्षेत्र में सघन खाद्य सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बड़े रेस्टोरेंट एवं प्रतिष्ठानों, जिनमें बर्गर किंग, मैकडॉनल्ड्स, डोमिनोज, सोनोटेल होटल, वॉव! मोमो तथा अन्य खाद्य प्रतिष्ठान शामिल थे, के साथ-साथ क्षेत्र की छोटी दुकानों एवं सड़क किनारे खाद्य सामग्री बेचने वाले विक्रेताओं की भी जांच की गई।
जांच के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों की रसोई, खाद्य पदार्थों की तैयारी, रखरखाव, स्वच्छता एवं साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया गया। कई स्थानों पर खाद्य पदार्थों के अस्वच्छ तरीके से रखरखाव एवं तैयारी तथा स्वच्छता संबंधी कमियां पाई गईं। इस क्रम में चंपारण मीट हाउस सहित संबंधित प्रतिष्ठानों को अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों के रखरखाव एवं तैयारी के संबंध में नोटिस दिया गया।
सरायढेला क्षेत्र के सड़क किनारे खाद्य सामग्री बेचने वाले विक्रेताओं को भी खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन करने तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं इसके अंतर्गत लागू नियमों और विनियमों के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी विजया परमार, चंदन कुमार शॉ, जैस्मीन केरकेट्टा, नैना नायक एवं चंद्रदेव गंजू शामिल रहे। जांच के दौरान मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी (MFTL) की टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच कर उनकी गुणवत्ता का आकलन करने तथा मिलावट की आशंका वाले खाद्य पदार्थों की पहचान करने में सहयोग किया।
