विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में बनेंगे तीन ट्रामा सेंटर, सड़क हादसों में घायलों को मिलेगा त्वरित इलाज

Published: Sat, 17 Oct 2026 12:05 PM (IST)

Dhanbad Trauma Centersः धनबाद जिले में जल्द ही निरसा, तोपचांची और बाघमारा में तीन नए ट्रामा सेंटर बनाए जाएंगे। इनका ...और पढ़ें

निरसा, तोपचांची और बाघमारा में खुलेंगे ट्रामा सेंटर। (प्रतीकात्मक फोटो)

निरसा, तोपचांची और बाघमारा में खुलेंगे ट्रामा सेंटर। (प्रतीकात्मक फोटो)

रविशंकर सिंह, धनबाद। कोयलांचल में सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले लोगों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। धनबाद जिले में जल्द ही तीन ट्रामा सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए निरसा, तोपचांची और बाघमारा में स्थल चिह्नित कर लिए गए हैं।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने शुक्रवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की बैठक में बताया कि तीनों ट्रामा सेंटर के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। फिलहाल इनके निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है।

प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि निरसा में पुराने सीएचसी के ठीक बगल में हाईवे के किनारे ट्रामा सेंटर बनाया जाएगा। इससे सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को दुर्घटना के बाद शुरुआती महत्वपूर्ण समय यानी गोल्डन आवर में इलाज मिल सकेगा।

दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटे में समुचित उपचार मिलने से गंभीर रूप से घायल लोगों की जान बचाने की संभावना बढ़ जाती है। इसी तरह बाघमारा व निरसा में भी ट्रामा सेंटर का निर्माण होगा।

लोगों की वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी

निरसा, बाघमारा व तोपचांची क्षेत्र में ट्रामा सेंटर की मांग लंबे समय से की जा रही थी। एग्यारकुंड दक्षिण के मुखिया अजय कुमार राम ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग अब पूरी होने जा रही है।

यह भी पढ़ें- Jharkhand Politics: धनबाद और पूर्वी सिंहभूम में कांग्रेस का होगा बंटवारा, शहरी और ग्रामीण कमेटियां बनेंगी

यह भी पढ़ें- धनबाद डीडीसी का दावा-10 हजार चापाकलों की मरम्मत, निरसा विधायक बोले-10 भी ठीक होते नहीं दिखे

हाईवे पर दुर्घटनाओं के दौरान घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में ट्रामा सेंटर काफी मददगार साबित होगा। वहीं, तोपचांची प्रखंड में भी ट्रामा सेंटर के निर्माण के लिए प्रशासन की ओर से प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है।

बाघमारा प्रखंड के पादुगोडा पंचायत के राधानगर मौजा में ट्रामा सेंटर बनाने को मंजूरी मिल चुकी है। जमुआटांड़ के मुखिया निरंजन गोप ने कहा कि हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर इलाज मिलना बेहद जरूरी है।

जिले में तीन ट्रामा सेंटर बनने से जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में दुर्घटना के शिकार लोगों को त्वरित चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। समय पर इलाज मिलने की उम्मीद बढ़ेगी और गंभीर घायलों की जान बचाने में मदद मिलेगी।