JTET Exam: 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को शिक्षकों की छुट्टियां रद, धनबाद DEO ने जारी किया आदेश
धनबाद में 1 नवंबर को होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के मद्देनजर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने महत्वपूर्ण निर्णय ...और पढ़ें

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा।
जागरण संवाददाता, धनबाद। एक नवंबर को आयोजित होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) को देखते हुए धनबाद में शिक्षा विभाग ने बड़ा निर्णय लिया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा ने जिले के सभी कोटि के सरकारी प्रारंभिक, उच्च एवं प्लस टू विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मियों की 31 अक्टूबर और एक नवंबर की छुट्टियां रद कर दी हैं।

इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार, दोनों दिनों के लिए स्वीकृत आकस्मिक अवकाश (सीएल) और लंबी अवधि के अवकाश को निरस्त कर दिया गया है। सभी शिक्षकों और कर्मियों को निर्धारित तिथि पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहना होगा।
हालांकि, यह आदेश उन शिक्षकों और कर्मियों पर लागू नहीं होगा, जो स्वयं शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होने वाले हैं। इसके अलावा किसी विशेष परिस्थिति में अवकाश की आवश्यकता होने पर संबंधित शिक्षक या कर्मी को जिला शिक्षा पदाधिकारी से पूर्व अनुमति लेनी होगी। विभाग ने परीक्षा के सफल संचालन और आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया है।