हाथियों से बचाव के लिए धनबाद के गांव होंगे रोशन, लगेंगी सोलर हाईमास्ट लाइटें
Elephant Menace in Dhanbadः धनबाद वन प्रमंडल हाथियों से प्रभावित गांवों में 150 सोलर हाईमास्ट लाइटें लगाने की तैयारी कर रहा है।

धनबाद के टुंडी में डेरा डाले हाथी झुंड। (फाइल फोटो)
HighLights
हाथी प्रभावित गांवों में 150 सोलर हाईमास्ट लाइटें लगेंगी।
रात में रोशनी से हाथियों की आवाजाही पर नजर रखी जाएगी।
टुंडी वन प्रक्षेत्र के गांवों को इस योजना में प्राथमिकता मिलेगी।
राकेश कुमार महतो, धनबाद। Elephant Movement in Dhanbadः हाथियों के लगातार आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने से परेशान ग्रामीणों को जल्द राहत मिलेगी। टुंडी वन प्रक्षेत्र समेत जिले के अन्य हाथी प्रभावित गांवों में अब अंधेरा दूर करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
धनबाद वन प्रमंडल जिला प्रशासन के सहयोग से संवेदनशील गांवों में सोलर हाईमास्ट लाइट लगाने की योजना पर काम कर रहा है। रात में पर्याप्त रोशनी होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
साथ ही हाथियों के गांव के आसपास पहुंचने पर उनकी गतिविधियों पर नजर रखने में भी आसानी होगी। वन विभाग का मानना है कि रोशनी की बेहतर व्यवस्था से ग्रामीणों में सुरक्षा बढ़ेगी और हाथियों के आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
150 हाईमास्ट लाइट लगाने की तैयारी
वन विभाग के अनुसार हाथी प्रभावित गांवों में करीब 150 हाईमास्ट लाइट व टार्च वितरण किया जाएगा। सभी लाइट सोलर ऊर्जा से संचालित होंगी।
इससे बिजली की उपलब्धता पर निर्भरता नहीं रहेगी। जिन गांवों में नियमित बिजली की सुविधा नहीं है, वहां भी रात में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराई जाएगी।
टुंडी वन प्रक्षेत्र के गांवों को प्राथमिकता
हाथियों की आवाजाही से सबसे अधिक प्रभावित टुंडी वन प्रक्षेत्र के गांवों में हाईमास्ट लाइट लगाने को प्राथमिकता दी जाएगी।
इन क्षेत्रों में हाथियों के झुंड अक्सर भोजन और पानी की तलाश में आबादी के आसपास पहुंच जाते हैं। अंधेरे के कारण ग्रामीणों और हाथियों के आमने-सामने आने का खतरा भी बना रहता है।
रोशनी से हाथियों की गतिविधियों पर रखी जाएगी नजर
वन विभाग का मानना है कि प्रमुख स्थानों पर हाईमास्ट लाइट लगने से रात के समय हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी।
ग्रामीण भी दूर से हाथियों की मौजूदगी देखकर सतर्क हो सकेंगे। इससे वन विभाग की टीम को भी हाथियों की लोकेशन और उनकी आवाजाही की निगरानी करने में सुविधा मिल सकती है।
यह भी पढ़ें- Dhanbad Elephant Attack: पलमा गांव में हाथियों ने मचाया उत्पात, घर तोड़े और फसल रौंदी; 70 हजार रुपये भी गुम
यह भी पढ़ें- धनबाद में जंगली हाथियों का आतंक: मक्का की फसल खाने से रोकने पर झुंड ने शिक्षक को मार डाला
हाथियों से प्रभावित गांवों में हाईमास्ट लाइट लगाने और टार्च का वितरण किया जाएगा। इसके लिए धनबाद उपायुक्त को योजना से संबंधित जानकारी दी गई है। जल्द ही 150 सोलर हाईमास्ट लाइट और टार्च का वितरण किया जाएगा।
विकास पालिवाल, वन प्रमंडल पदाधिकारी
