विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीट बेल्ट नहीं लगाने पर धनबाद पुलिस ने कार चालक से की मारपीट, पत्नी के सामने बाल पकड़कर खींचा; बवाल

Published: Sat, 31 Oct 2026 09:16 PM (IST)

धनबाद के सरायढेला में सीट बेल्ट न पहनने पर वाहन जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस और कार सवारों में विवाद ...और पढ़ें

धनबाद के गोल बिल्डिंग के समीप ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई के विरोध में जुटे लोग। (फोटो साैजन्य)

धनबाद के गोल बिल्डिंग के समीप ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई के विरोध में जुटे लोग। (फोटो साैजन्य)

HighLights

  1. धनबाद में सीट बेल्ट न लगाने पर विवाद।

  2. ट्रैफिक पुलिस और कार सवारों में झड़प हुई।

  3. पुलिस ने कार सवारों को हिरासत में लिया।

जागरण संवाददाता, धनबाद। सरायढेला थाना क्षेत्र के गोल बिल्डिंग के समीप शनिवार को वाहन जांच के दौरान जमकर हंगामा हुआ। सीट बेल्ट नहीं लगाने पर कार का चालान काटने की कार्रवाई शुरू होते ही कार सवार ट्रैफिक पुलिस के जवानों से उलझ गए।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हंगामे के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि गोल बिल्डिंग के समीप ट्रैफिक पुलिस के जवान वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान कार संख्या जेएच 10 सीयू 3574 को रोककर चालक से कागजात मांगे गए। कार चालक और बगल की सीट पर बैठी महिला ने सीट बेल्ट नहीं लगा रखी थी।

इस पर पुलिसकर्मियों ने यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर चालान काटने की प्रक्रिया शुरू की। इसी बात को लेकर कार सवार पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। महिला ने आरोप लगाया कि उनके पति को पुलिस वालों ने सिर के बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला।

हंगामे की सूचना मिलने पर सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार सवारों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे थाना प्रभारी से भी उलझ गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर कार सवार सभी लोगों को हिरासत में ले लिया।

इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए सरायढेला थाना ले जाया गया। वहीं, कार सवार महिला ने पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। कार सवारों को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलने पर उनके परिचित सरायढेला थाने पहुंच गए।

सभी को छोड़ने की मांग को लेकर थाने में देर शाम तक गहमागहमी बनी रही। हालांकि, पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले में कार का चालान काटा। इसके बाद हिरासत में लिए गए सभी लोगों से बांड भरवाकर उन्हें छोड़ दिया गया।

यह भी पढ़ें- डीआरयूसीसी सदस्य पूजा ने किया धनबाद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण, यात्री सुविधाओं पर जताई नाराजगी

यह भी पढ़ें- SIR के नाम पर फर्जी ई-मेल से रहें सावधान, साइबर ठग कर रहे धोखाधड़ी का प्रयास

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।