धनबाद में मानसून के बाद बारिश, 10 अक्टूबर तक आंधी-गर्जन का येलो अलर्ट जारी; तनाव में शिल्पकार
Dhanbad Weather Update: मानसून की विदाई के बाद धनबाद में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश शुरू हो गई है। मौसम ...और पढ़ें

मानसून की विदाई के बाद मंगलवार की रात धनबाद में अच्छी बारिश हुई। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। मानसून की विदाई शुरू होने के साथ अब पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। मंगलवार को दिनभर धूप-छांव के बाद रात में मौसम ने रंग बदल लिया। पहले तेज हवा के साथ बादल चमके। फिर झमाझम बारिश शुरू हुई।
30 सितंबर को समाप्त हुए मानसून सीजन के बाद पोस्ट मानसून की पहली बारिश से देर रात तक शहर भीगता रहा। कभी हल्की फुहारें पड़ी तो कभी तेज बारिश हुई। धूप-छांव के बीच बारिश की गतिविधि अगले कई दिनों तक जारी रह सकती है।
मौसम विभाग ने 10 अक्टूबर तक आंधी के साथ गर्जन व वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि निरंतर वर्षा नहीं होगी। बारिश की गतिविधि बढ़ने से तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इस सप्ताह अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट हो सकती है।
दुर्गाेत्सव में अब गिनती के दिन, मौसम ने बढ़ाया प्रतिमा कलाकारों का टेंशन
दुर्गाेत्सव में अब गिनती के दिन ही शेष हैं। सितंबर में लगातार वर्षा से चिंतित प्रतिमा कलाकारों की चिंता बदले मौसम ने फिर बढ़ा दी है। मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में लगे शिल्पकारों को बारिश में मिट्टी की प्रतिमाओं को सुखाना मुश्किल होगा।
लुबी सर्कुलर रोड के शिल्पकार दुलाल पाल का कहना है कि लागत पहले से काफी बढ़ गई है। अब बारिश के कारण प्रतिमाओं को आग में सुखाना होगा, जिससे लागत और बढ़ जाएगी।
बारिश से कारोबारी-व्यापारी की भी बढ़ी फिक्र
दुर्गापूजा को लेकर बाजार में रौनक बढ़ गई है। पारंपरिक बाजार से लेकर माल तक खरीदार उमड़ रहे हैं। पर बारिश की वजह से बाजार की रौनक छिन सकती है। इससे कारोबारी-व्यापरी भी चिंतित हैं। हालांकि मौसम विभाग ने निरंतर या भारी वर्षा की संभावना नहीं जताई है।
