विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद पुलिस की ठंड और कोहरे से निपटने की तैयारी, तेज रफ्तार पर रहेगी नजर

Published: Tue, 17 Nov 2026 10:25 AM (IST)

Dhanbad News: पुलिस ठंड और कोहरे के मद्देनजर सड़क सुरक्षा के लिए तैयारी कर रही है। तेज रफ्तार वाहनों पर ...और पढ़ें

वाहनों को नियंत्रित करता ट्रैफिक पुलिस का जवान। (सांकेतिक फोटो)

वाहनों को नियंत्रित करता ट्रैफिक पुलिस का जवान। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. पुलिस ठंड और कोहरे के लिए सड़क सुरक्षा पर ध्यान देगी।

  2. तेज रफ्तार वाहनों पर विशेष नजर रखी जाएगी, कार्रवाई होगी।

  3. दुर्घटना संभावित स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता और व्यवस्था सुधरेगी।

जागरण संवाददाता, धनबाद। इस माह के अंतिम सप्ताह से ठंड शुरू हो जाएगा ठंड के साथ कुहासे का असर भी दिखने लगेगा। सुबह और देर रात सड़कों पर दृश्यता कम होने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ेगा। इन तमाम पहलुओ को लेकर अभी से ही ट्रैफिक पुलिस की तैयारी शुरू हो गई।

धनबाद पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बरतने की तैयारी में जुटी है। कुहासे के दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलानेवालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। इसके लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ यातायात पुलिस को भी अलर्ट किया गया है।

स्पीड मीटर के साथ सघन वाहन जांच अभियान चलाकर निर्धारित गति से अधिक रफ्तार में चलनेवाले वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी। जीटी रोड समेत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रमुख सड़कों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिले में पहले से ही 13 दुर्घटना संभावित स्थान चिह्नित हैं।

इन स्थानों पर पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरतेगी। जरूरत के अनुसार कुछ जगहों पर बैरियर व रेडियम लगाकर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित की जाएगी। गोविंदपुर और साहेबगंज-टुंडी रोड,राजगंज तोपचांची इलाके में कुछ ब्लैक स्पाट है, जहां व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायत चल रही है।

सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए डिवाइडर पर रेडियम और पीली बत्ती लगाने की मांग भी संबंधित विभाग से ट्रैफिक पुलिस ने की है। इसके अलावा सड़क किनारे निर्धारित गति सीमा के बोर्ड लगाने का प्रस्ताव भी काफी दिनों से लंबित है, जिस पर काम शुरू होगा।

पुलिस सड़कों पर बने अनावश्यक कट की भी समीक्षा कर रही है। जहां जरूरत होगी, वहां सुधार के लिए संबंधित विभाग को कहा गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। ट्रैफिक पुलिस वाहन चालकों से कुहासे में सावधानी पूर्वक वाहन चलाने की अपील करेंगे।

बैठकों में बनती है रणनीति, धरातल पर अब इंतजार

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में हर बार कई अहम निर्णय लिए जाते हैं। ब्लैक स्पाट पर सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने, डिवाइडर पर रेडियम लगाने, साइन बोर्ड लगाने और वाहनों के लिए व्यवस्थित पड़ाव बनाने जैसे मुद्दे उठते रहे हैं।

संबंधित विभागों को निर्देश भी दिए जाते हैं, लेकिन इनमें से कई निर्देश महीनों बाद भी धरातल पर नहीं उतर पाते। नतीजा यह है कि दुर्घटनाओं का खतरा बरकरार रहता है। अब देखना होगा कि कुहासे को लेकर पुलिस की नई तैयारी के साथ संबंधित विभाग भी कितनी तेजी से काम करती है।

शहर में रौशनी का अभाव

आठ लेन सड़क, गोल बिल्डिंग से विनोद बिहारी चौक तक वाहनों की रफ्तार काफी तेज रहती है। अक्सर इन सड़कों पर दुर्घटनाएं हो रही है। कहने को तो आठ लेन में सड़कों पर लाइट की सुविधा दी गई है, पर अधिकांश दिन लाइट नहीं जलते हैं।

कुछ जगहों पर लाइट जलते हैं तो कई जगहों पर अंधेरा रहता है। हर दिन लाइट जल सके इसको लेकर विभाग की उदासीन रवैया साफ दिखाई देती है।

यह भी पढ़ें- Coal India में तीन कार्यकारी निदेशक पदों पर पदोन्नति की अनुशंसा, दो पद अभी भी खाली

यह भी पढ़ें- Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में तीसरे तूफान की दस्तक, 19 से बदलेगा मौसम; 2 दिन झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी

ठंड के दिनों में धुंध के कारण सड़क दुर्घटना अधिक होती है। दुर्घटना रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस हर संभव प्रयास करेगी। शहर में वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। वाहन चालकों को भी खासतौर पर धुंध में सावधानी पूर्वक वाहन चलाने के लिए जागरुक किया जाएगा। जिन स्थानों पर दुर्घटना की आशंका अधिक रहती है, वहां रोकने के लिए उपाय भी ढूंढ़े जा रहे हैं।

-

जयप्रकाश, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, धनबाद।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।