झामुमो नेता से विवाद के बाद दो सिपाहियों से मारपीट का आरोप, धनबाद थाने में FIR दर्ज
Dhanbad Police Attacked: धनबाद के बारामुड़ी में रास्ता खाली करने को कहने पर दो पुलिसकर्मियों, अजित कुमार सिंह और पंकज कुमार सिंह, को बेरहमी से पीटा गया।

धनबाद थाना। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। बारामुड़ी में रास्ते से गाड़ी हटाने को कहने पर पुलिस के दो जवानों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार की रात करीब 11:20 बजे की है। इस संबंध में बारामुड़ी निवासी जिला पुलिस के जवान अजित कुमार सिंह ने धनबाद थाना में जेएमएम के महानगर उपाध्यक्ष हरेन्द्र चौहान, चंदन चौहान समेत 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। भुक्तभोगी सिपाही अजित कुमार सिंह ने धनबाद थाना की पुलिस को लिखित शिकायत में बताया है कि वह अपने दोस्त पंकज कुमार सिंह के साथ घर जा रहे थे। दोनों झारखंड पुलिस में कार्यरत हैं। रास्ते में संगम होटल से आगे पुष्प वाटिका अपार्टमेंट के ठीक सामने चार गाड़ियां खड़ी थीं। इससे रास्ता अवरुद्ध हो गया था।
अजित और पंकज ने गाड़ी हटाने का आग्रह किया तो आरोप है कि वहां मौजूद हरेन्द्र चौहान और चंदन चौहान उग्र हो गए। दोनों ने अपने अंगरक्षक और अन्य लोगों को उन्हें पीटने के लिए उकसाया। इसके बाद करीब 15 से 20 लोगों ने दोनों जवानों के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और लोहे की राड से हमला कर दिया।
अजित का आरोप है कि हरेन्द्र और चंदन ने सिर, पीठ और पेट समेत शरीर के कई हिस्सों पर राड से वार किया। हरेन्द्र के लाल पगड़ीधारी अंगरक्षक ने पिस्तौल तान दी और उसके बट से भी दोनों को पीटा। आरोप है कि मारपीट के दौरान अजित और पंकज का गला दबाकर जान लेने की कोशिश की गई। दोनों की सांस कुछ देर के लिए रुक गई थी।
इस दौरान अजित की जेब से 50 हजार रुपये नकद और गले से सोने की चेन भी छीन ली गई। उनकी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। शिकायत के मुताबिक, इसी बीच दूसरी गाड़ियों को आता देख सभी आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
भागने के दौरान हरेन्द्र चौहान का मोबाइल घटनास्थल पर गिर गया। पुलिस भुक्तभोगी सिपाही की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- कोयला कंपनियों पर कैग की पैनी नजर, गुणवत्ता ढुलाई और कीमतों पर उठे सवाल
यह भी पढ़ें- IIT (ISM) को बड़ी सफलता, लिथियम आयन बैटरी की गर्मी नियंत्रित करने वाली तकनीक को मिला पेटेंट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।