धनबाद में महिला ने पति की हत्या कर घर में ही दफनाया शव, बदबू आने पर खुला राज
टुंडी के तिलैयटांड़ गांव में एक महिला ने शराबी पति की हत्या कर शव घर में दफना दिया। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में महिला ने बताया कि पति शराब पीकर गाली-गलौज करता था जिससे तंग आकर उसने हत्या की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संवाद सूत्र, टुंडी। टुंडी थाना क्षेत्र के बरवाटांड़ पंचायत के तिलैयटांड़ गांव में एक महिला ने शराबी पति से तंग आकर उसकी हत्या कर उसके शव को अपने ही घर में गाड़ दिया।
इस मामले का शुक्रवार को खुलासा हुआ तो पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया और शव को निकालने में जुट गई। महिला ने पति की हत्या करने की बात पुलिस के समक्ष स्वीकार कर ली है।
कैसे हुआ मामले का खुलासा
तिलैयटांड़ गांव के रहने वाले 45 वर्षीय सुरेश हांसदा की चाची की करीब 15 दिन पहले निधन हो गया था। आठ दिन पूर्व ही उसका दशकर्म (घाट) था। मगर सुरेश हांसदा दशकर्म में शामिल नहीं हुआ। साथ ही वह पिछले कई दिनों से गांव में दिखाई भी नहीं दे रहा था।
इससे गांव वालों को शक होने लगा। पत्नी सुरजी मंझियाइन से उसके बारे में पूछने पर वह कुछ भी नहीं बता रही थी। इधर उसके घर से बदबू आने लगी तो गांव के कुछ युवक हिम्मत जुटाकर घर में घुसे तो सुरेश हांसदा की हत्या कर देने का संदेह हुआ।
इसके बाद मामले की जानकारी टुंडी पुलिस को दी गई। टुंडी थानेदार उमाशंकर अपने साथ महिला व पुरुष बल के साथ घटनास्थल पहुंचे तो घर में गाड़ कर रखे गए सुरेश के शव को देखकर दंग रह गए।
पूछताछ में पत्नी सुरजी मंझियान ने बताया कि वह अपने पति की 10 दिन पहले ही सिर पर कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी थी और उसके शव को घर के अंदर ही गाड़ दिया।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति आए दिन शराब पीकर गाली गलौज करता था। इसके कारण उसने उसकी हत्या कर दी। हालांकि, गांव में यह भी चर्चा है कि महिला को अपने पति पर किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध होने का संदेह था। इसके लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच आए दिन गाली-गलौज व झगड़ा होते रहता था।
महिला ने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। बताया कि उसका पति हमेशा शराब पीकर घर में गाली-गलौज व मारपीट करता था। इससे तंग आकर उसने उसकी हत्या की है। फिलहाल महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच पूरी हो जाने के बाद घटना के पीछे के कारणों के बारे में कुछ कहा जा सकता है। - उमाशंकर, थाना प्रभारी, टुंडी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।