Special Trains: धनबाद से बेंगलुरु और कोयंबटूर के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें; जानिए टाइमिंग और रूट
धनबाद से बेंगलुरु और कोयंबटूर के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। बरौनी से पोत्तनूर के लिए भी एक ट्रेन धनबाद होकर चलेगी। बेंगलुरु के लिए ट्रेन अगस्त में जबकि कोयंबटूर और पोत्तनूर के लिए सितंबर के पहले हफ्ते से शुरू होंगी। धनबाद-बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन की बुकिंग शुरू हो गई है। यह कदम त्योहारों में यात्रियों को राहत देगा।

जागरण संवाददाता, धनबाद। दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के दौरान सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर। रेलवे ने धनबाद से बेंगलुरु (यशवंतपुर) और कोयबंटूर के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इसके साथ ही बरौनी से पोत्तनूर (कोयंबटूर) के लिए भी धनबाद होकर स्पेशल ट्रेन चलेगी।
बेंगलुरु की ट्रेन अगस्त तथा कोयंबटूर व पोत्तनूर की ट्रेनें सितंबर के पहले सप्ताह से चलाई जाएंगी। कोयंबटूर व पोत्तनूर स्पेशल ट्रेन बोकारो व रांची होकर चलेंगी।
धनबाद से बेंगलुरु की ट्रेन गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड व कोडरमा होकर चलेगी। एक साथ तीन स्पेशल ट्रेनें चलने से त्योहारी सीजन में यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
धनबाद-बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन में टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। कोयंबटूर व पोत्तनूर स्पेशल में गुरुवार से शुरू होने की संभावना है।
इन तिथियों में चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
- 06563 यशवंतपुर-धनबाद स्पेशल 23 अगस्त से 27 दिसंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। यशवंतपुर से नागपुर, इटारसी, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी, डीडीयू, गया व कोडरमा होकर सोमवार की सुबह 9:35 पर गोमो एवं दिन 11:00 बजे धनबाद आएगी।
- 06564 धनबाद-यशवंतपुर स्पेशल 25 अगस्त से 29 दिसंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। धनबाद से रात 8:45 पर खुलकर रात 9:15 पर गोमो तथा पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया, होकर बुधवार की रात 9:30 पर यशवंतपुर पहुंचेगी।
- 06063 कोयंबटूर-धनबाद स्पेशल पांच सितंबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। कोयंबटूर से दिन में 11:50 पर चलेगी। राउरकेला, हटिया, रांची, बोकारो होकर रविवार सुबह 8:30 पर धनबाद आएगी।
- 06064 धनबाद-कोयंबटूर स्पेशल आठ सितंबर से एक दिसंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। धनबाद से सुबह 6:00 बजे खुल कर बोकारो, रांची, हटिया व राउरकेला होकर बुधवार अलसुबह 3:45 पर कोयंबटूर पहुंचेगी।
- 06055 पोत्तनूर-बरौनी स्पेशल छह सतंबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। पोत्तनूर से दिन 11:50 पर खुल कर राउरकेला, हटिया, रांची, बोकारो होकर सोमवार सुबह 7:05 पर धनबाद तथा दोपहर 2:30 पर बरौनी पहुंचेगी।
- 06056 बरौनी-पोत्तनूर स्पेशल नौ सितंबर से दो दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। बरौनी से रात 11:45 पर खुल कर अगले दिन सुबह 5:50 पर धनबाद आएगी। बोकारो, रांची, राउरकेला होकर शुक्रवार अलसुबह 3:45 पर पोत्तनूर पहुंचेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।