Monsoon Update 2025: मानसून से पहले ही धनबाद लबालब, 57 दिनों में 180 प्रतिशत अधिक बरसे बादल
धनबाद में मानसून से पहले ही भारी बारिश हुई है जिससे सामान्य से 180% अधिक वर्षा दर्ज की गई। प्री-मानसून में धनबाद राज्य में चौथे स्थान पर है जहाँ सबसे अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है जिससे तापमान में गिरावट आएगी और पारा 40 डिग्री तक नहीं पहुंचेगा।

जागरण संवाददाता, धनबाद। जून के पहले सप्ताह में मानसून झारखंड में दस्तक दे सकता है। मानसून से पहले ही शहर पर वर्षा मेहरबान रही है। एक मार्च से शुरू हुए प्री-मानसून सीजन के दौरान 57 दिनों में धनबाद में 180 प्रतिशत अधिक वर्षा का रिकार्ड दर्ज किया गया है। इस अवधि में सामान्य वर्षा का अनुपात 79.8 मिलीमीटर रहता है। इसकी तुलना में 223.7 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है।
इस सप्ताह के आंकड़े के मुताबिक 13.7 मिलीमीटर के मुकाबले 56.1 मिलीमीटर यानी 310 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। प्री-मानसून के दौरान राज्य के सर्वाधिक बारिश वाले टॉप-5 जिलों में दुमका नंबर एक पर है। दूसरे खूंटी व लातेहार जिले के बाद धनबाद चौथे पायदान है, जहां सबसे अधिक वर्षा हुई है। बोकारो, गिरिडीह व जामताड़ा जैसे पड़ोसी जिलों की तुलना में धनबाद शीर्ष पर है।
धनबाद की स्थिति
- इस सप्ताह 13.7 मिलीमीटर की तुलना में 56.1 मिलीमीटर - 310 प्रतिशत अधिक
- एक मार्च से 79.8 मिलीमीटर की अपेक्षा 223.7 मिलीमीटर - 180 प्रतिशत अधिक
धनबाद के पड़ोसी जिलों में एक मार्च से अब तक की स्थिति
- बोकारो - 60.6 मिलीमीटर की तुलना में 144.6 मिलीमीटर 139 प्रतिशत अधिक
- गिरिडीह - 56.3 मिलीमीटर की तुलना में 123.9 मिलीमीटर - 120 प्रतिशत अधिक
- जामताड़ा - 76.1 मिलीमीटर की तुलना में 169 मिलीमीटर - 125 प्रतिशत अधिक
प्री-मानसून में सर्वाधिक बारिश वाले टॉप-3 जिले
- दुमका - 222 प्रतिशत अधिक
- खूंटी - 188 प्रतिशत अधिक
- लातेहार - 185 प्रतिशत अधिक
अब 40 डिग्री तक नहीं पहुंचेगा पारा, पांच जून तक झमाझम
सुबह से धूप-छांव के बाद दोपहर बाद से मौसम के रंग बदलने का ट्रेंड जारी है। शाम में घने बादल छा रहे हैं और बौछारें पड़ रही हैं। बारिश की गतिविधियां जारी रहने से तापमान सामान्य से नीचे है। मई के बाद जून के पहले सप्ताह में भी सामान्य से अधिक वर्षा का अनुमान जताया है।
ऐसे में अब पारा 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना कम है। मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान में पांच जून तक गर्जन व आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 31 से 37 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 21 से 26 डिग्री के बीच बना रह सकता है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।