Dhanbad News: पारिवारिक विवाद के बीच घर में जोरदार विस्फोट के साथ लगी आग, किशोरी झुलसी
जोड़ापोखर के भागा बाजार में इरफान के घर पारिवारिक विवाद के चलते विस्फोट और आग लग गई। इरफान ने चचेरे भाइयों पर संपत्ति हड़पने के लिए साजिश का आरोप लगाया है जबकि परिजनों ने इरफान पर ही डराने-धमकाने और खुद आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जली हुई वस्तुओं के अवशेषों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

संवाद सूत्र, अलकडीहा। जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के भागा बाजार आरा पट्टी मोहल्ले में सोमवार की सुबह इरफान अहमद उर्फ शेरू व उसके रिश्तेदार के बीच चल रही पारिवारिक विवाद को लेकर उसके घर में जोरदार विस्फोट के साथ घर में आग लग गई।
जिसमें इरफान के घर का सामान जलकर राख हो गया। वहीं, घर में लगी आग की चपेट में आने से इरफान के बगल में रह रहे भाई अफरोज कुरैशी की 13 वर्षीय पुत्री सुहाना परवीन घायल हो गई।
वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने एक घंटे की मशक्कत कर घर में लगी आग को पानी से बुझाया। हालांकि, स्थानीय लोगों द्वारा विस्फोट की आवाज को बम विस्फोट होने की बात कही जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही जोड़ापोखर पुलिस मौके पर पहुंची। घर में विस्फोट कैसे हुई पुलिस इसका पता कर रही है। वहीं, पुलिस ने आग में जली वस्तुओं के अवशेष लेकर मामले की जांच में जुट गई है।
घटना को लेकर इरफान अहमद ने जोड़ापोखर थाना में लिखित शिकायत कर अपने चचेरे भाई बयांम कुरैशी, उसका पुत्र अफजल कुरैशी, उसकी पत्नी यास्मीन खातून पर पैतृक संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से उसकी हत्या करने की साजिश रचकर उसके घर में आग लगाने का आरोप लगाया है।
वहीं, इरफान का चचेरे भाइयों बयांम कुरैशी, अफरोज व फिरोज सहित स्वजन ने इरफान पर आपराधिक छवि के होने के बल पर घर के लोगों को डराने धमकाने व अपने घर को खुद से बम विस्फोट कर आग लगाने की घटना को अंजाम देने व झूठे केस में फंसाने का आरोप लगाया है।
घटना को लेकर लोगों ने बताया कि सुबह इरफान दो लोगों को लेकर अपने घर भागा में आया था। इरफान के साथ आए दोनों लोगों के हाथ में थैला था, जिसके साथ अपने घर का ताला खोलकर इरफान दोनों लोगों के साथ छत पर चला गया। इस दौरान घर में जोरदार विस्फोट के साथ घर में आग लग गई।
घटना को देख इरफान अपने दोनों साथियों के साथ छत पर से कूदकर भाग गया। इरफान अहमद ने कहा कि हमारे चचेरा भाई बयांम कुरैशी उसकी लाखों की पैतृक संपत्ति को हड़पना चाहता है। जिसके चलते उसके खिलाफ वह लोग तरह तरह के षडयंत्र करते रहते है। पुलिस मामले की जांच करे तो घटना का खुलासा हो जाएगा।
बम विस्फोट की बात गलत है। इरफान के घर से पटाखा जब्त हुई है। संभवतः आग लगने के बाद पटाखा जला होगा। आग में जली वस्तुओं के अवशेष का फोरेंसिक जांच कराएंगे। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। घटना के लिए जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। - राजेश प्रकाश सिन्हा, थानेदार जोड़ापोखर।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।