विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद शहर की सफाई से लेकर छठ की तैयारी तक, नगर निगम बोर्ड बैठक में बनी रणनीति

Published: Wed, 04 Nov 2026 10:30 PM (IST)

धनबाद नगर निगम बोर्ड बैठक में शहर के विकास कार्यों और आगामी छठ महापर्व की तैयारियों की समीक्षा की गई। ...और पढ़ें

धनबाद नगर निगम बोर्ड की बैठक को संबोधित करते मेयर संजीव सिंह। (फोटो जागरण)

धनबाद नगर निगम बोर्ड की बैठक को संबोधित करते मेयर संजीव सिंह। (फोटो जागरण)

जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद नगर निगम की बोर्ड बैठक में बुधवार को शहर के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में धनबाद को स्वच्छ, सुंदर, बेहतर और सुव्यवस्थित शहर बनाने को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

महापौर संजीव सिंह एवं नगर आयुक्त आशीष गंगवार की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में बोर्ड समिति के पदाधिकारी समेत विभिन्न वार्डों के पार्षद एवं सदस्य उपस्थित थे। इस दौरान शहर की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने, नागरिकों की समस्याओं के समाधान और आगामी छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान महापौर संजीव सिंह व नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने तीन नए अंतिम यात्रा (शव) वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों के शुरू होने से जरूरतमंद परिवारों को अंतिम संस्कार के दौरान शव ले जाने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

वहीं, आम लोगों की मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए गोल्फ ग्राउंड परिसर में शेड निर्माण कार्य भी शुरू कराया गया है। बैठक में बोर्ड समिति के पदाधिकारी, विभिन्न वार्डों के पार्षद एवं सदस्य समेत नगर निगम के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

छठ से पूर्व सभी कार्य पूरा करें : मेयर संजीव सिंह

आगामी छठ महापर्व को देखते हुए महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी आवश्यक कार्य हर हाल में पूरा किया जाए ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। घाटों की सफाई और पहुंच पथो को दुरुस्त करने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि धनबाद नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहर के प्रत्येक नागरिक को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शहर के विकास के साथ-साथ स्वच्छता, सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और जनसुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है।

इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। नगर निगम की जिम्मेदारी है कि घाटों से लेकर वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की व्यवस्था दुरुस्त रहे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरी करें।

समन्वय के साथ विभागों का कार्य करने का निर्देश : नगर आयुक्त आशीष गंगवार

नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि नगर निगम शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है। तीन फेज में घाटों की सफाई की जाएगी।

इसके अलावा आइआइटी आइएसएम से तालाबों की सफाई को लेकर बात की जाएगी। सड़कों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य जरूरी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

60 लाख से शौचालयों का होगा जीर्णोद्धार, हीरापुर मार्केट का भी बदलेगा स्वरूप

बोर्ड की बैठक में स्थापना, जलापूर्ति और अभियंत्रण शाखा के विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक में कर्मचारियों के सेवा विस्तार से लेकर शौचालयों के जीर्णोद्धार, सड़क-नाली निर्माण और शहर की बड़ी विकास योजनाओं का एजेंडा रखा गया।

अभियंत्रण शाखा की ओर से निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में स्थित सामुदायिक एवं माड्यूलर शौचालयों की मरम्मत, जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए कुल 100 शौचालयों पर 60 लाख रुपये खर्च करने का प्रस्ताव रखा गया।

यह कार्य सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस संस्था के माध्यम से कराया जाना है। इसके अलावा वार्ड 55 के जामाडोबा बस्ती और सिंदरी में पीसीसी सड़क एवं नाली निर्माण से संबंधित योजनाओं में विचलन को स्वीकृति देने का प्रस्ताव तथा प्रत्योक वार्डों में 50-50 लाइट और देने की को मंजूरी दी गई।

वार्ड 47 में राधा काली मंदिर के समीप कलवर्ट निर्माण तथा वार्ड 18 में सामुदायिक भवन के पास नाली और सड़क सुधार कार्य का भी एजेंडा रखा गया। शहर के विकास के लिए अर्बन चैलेंज फंड के तहत पीपीपी माडल पर 10 बड़ी परियोजनाओं का डीपीआर तैयार कराने का प्रस्ताव महत्वपूर्ण रहा।

इसके लिए जुडको, रांची को प्रस्ताव भेजने की स्वीकृति मांगी गई। प्रस्तावित योजनाओं में कतरास के लिलोरी स्थान में अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण, ट्रैफिक लाइट और सीसीटीवी व्यवस्था के संचालन के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तथा हीरापुर मार्केट का तीन चरणों में पुनर्विकास शामिल है।

हीरापुर मार्केट में करीब एक हजार व्यावसायिक दुकानों के निर्माण की योजना है। इसके अलावा बरटांड़ बस स्टैंड का उन्नयन, पार्कों एवं खेल मैदानों का क्लस्टर माडल पर विकास, व्यावसायिक बाजार, विवाह भवन एवं बहुउद्देशीय भवन, आधुनिक स्मार्ट टाउन हाल, दामोदर रिवरफ्रंट विकास योजना और इंडोर स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है।

दैनिक वेतन कर्मचारियों का सेवा विस्तार

स्थापना शाखा की ओर से निगम में संविदा एवं दैनिक वेतन पर कार्यरत कर्मचारियों के सेवा विस्तार का प्रस्ताव रखा गया। इसमें लेखापाल, लेखा सहायक, सहायक, कंप्यूटर आपरेटर, स्वच्छता पर्यवेक्षक, स्वच्छता मित्र और कनीय अभियंता सहित विभिन्न पदों पर कार्यरत कर्मियों का अवधि विस्तार शामिल था।

कनीय अभियंताओं को दो माह का सेवा विस्तार दिया गया। वहीं, सेनेटरी एवं फूड इंस्पेक्टर के मासिक मानदेय को 20 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये करने का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन इसे मंजूरी नहीं मिली।

निगम के भूमि संबंधी कार्यों, मापी और सीमांकन के लिए दैनिक वेतन पर एक अमीन की नियुक्ति तथा मोहलबनी श्मशान घाट की नियमित सफाई के लिए तीन सफाई मजदूरों की नियुक्ति का प्रस्ताव भी रखा गया।

जलापूर्ति शाखा ने निगम क्षेत्र के तालाबों के पांच वर्षों के लिए नवीनीकरण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा कर शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों को आगे बढ़ाने पर विचार किया गया।

यह भी पढ़ें- बारामुड़ी खाली कराने के विरोध में गरजे पप्पू यादव, बोले- मेरी लाश से गुजरकर हटाना होगा खटाल

यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर, दिसंबर से फरवरी तक रद रहेंगी कोलकाता-अमृतसर दुर्गियाना समेत तीन ट्रेनें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।