सांसद की 'फर्जी आईडी' और असली ठगी: धनबाद का शातिर गिरफ्तार, महाराष्ट्र तक फैले थे तार
Dhanbad MP Impersonation Scam: खुद को धनबाद का सांसद बताकर पुणे के एक कारोबारी से सामूहिक विवाह के नाम पर ...और पढ़ें

पुणे पुलिस ने धनबाद के भागा से फर्जी सांसद को किया गिरफ्तार। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, झरिया (धनबाद)। Fake Dhanbad MP Arrested: खुद को धनबाद का सांसद बताकर राजनीतिक रसूख का धौंस जमाने वाले भागा निवासी बबलू को पुणे क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पुणे के शिवाजीनगर निवासी एक कारोबारी से सामूहिक विवाह और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कराने के नाम पर 12 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने का आरोप है।
मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुणे क्राइम ब्रांच की टीम धनबाद पहुंची और जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के भागा में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुणे क्राइम ब्रांच के एसआईपीएस राहुल कोलपे के नेतृत्व में पहुंची टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
सांसद बनने का दावा कर कारोबारी को जाल में फंसाया
पुलिस के अनुसार बबलू ने कारोबारी से संपर्क कर खुद को धनबाद का सांसद बताया था। उसने धनबाद में सामूहिक विवाह समेत कई बड़े सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कराने की योजना पेश की। राजनीतिक पहचान और प्रभाव का हवाला देकर कारोबारी का विश्वास जीत लिया।
इसके बाद कार्यक्रमों के आयोजन के नाम पर उससे धीरे-धीरे 12 लाख रुपये से अधिक की रकम वसूल ली। लंबे समय तक कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं होने और रकम वापस नहीं मिलने पर कारोबारी को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने पुणे में प्राथमिकी दर्ज कराई।
किशोरी के मोबाइल से खुला राज
जांच के दौरान एक किशोरी का मोबाइल फोन अहम कड़ी बना। पुलिस के अनुसार आरोपी अलग-अलग लोगों के मोबाइल फोन से बातचीत करता था।
इसी क्रम में किशोरी के मोबाइल का भी इस्तेमाल किया गया था। मोबाइल ट्रेस करने के बाद पुलिस किशोरी तक पहुंची। पूछताछ में मिली जानकारी और उसकी निशानदेही पर भागा में छापेमारी कर बबलू को गिरफ्तार किया गया।
तीन लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने किशोरी समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में तीन लोगों को छोड़ दिया गया जबकि बबलू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने अन्य लोगों से भी इसी तरह ठगी की हो सकती है।
मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुणे क्राइम ब्रांच आरोपी को रिमांड पर लेकर ठगी की रकम, लेन-देन और अन्य के संबंध में पूछताछ कर रही हैं।
यह भी पढ़ें- दिवाली-छठ में भीड़ के बीच राहत, धनबाद-दिल्ली स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी
यह भी पढ़ें- झरिया में बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत; भीड़ ने पुलिस को खदेड़कर मुख्य मार्ग किया जाम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।