विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झरिया में बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत; भीड़ ने पुलिस को खदेड़कर मुख्य मार्ग किया जाम

Published: Wed, 04 Nov 2026 09:25 AM (IST)

धनबाद के लोदना में झरिया-सिंदरी मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटनास्थल पर पड़ी बाइक का जायजा लेती पुलिस। (फोटो जागरण)

घटनास्थल पर पड़ी बाइक का जायजा लेती पुलिस। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौत।

  2. आक्रोशित भीड़ ने झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग किया जाम।

  3. पुलिस को खदेड़ा, बाद में ट्रक चालक हिरासत में।

संवाद सहयोगी, लोदना (धनबाद)। झरिया-सिंदरी मुख्य मार्ग स्थित ऊपर कुल्ही के समीप मंगलवार की देर रात एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में लेकर कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद भागने के क्रम में ट्रक इंदिरा चौक के समीप अनियंत्रित होकर एक गुमटी में जा घुसा। हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर झरिया-सिंदरी मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। इस दौरान भीड़ का गुस्सा पुलिस पर भी फूटा और लोगों ने पुलिस टीम को मौके से खदेड़ दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिंदरी डीएसपी पीसी महतो, झरिया थाना प्रभारी प्रमोद पांडे, जोड़ापोखर थाना प्रभारी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।

घसीटते हुए ले गया ट्रक, गुमटी में टक्कर मार रुका

लोगों ने बताया कि ऊपर कुल्ही बालू बंकर निवासी मो. जाकिर का 28 वर्षीय पुत्र जहांगीर अपनी बाइक से धनबाद की और से आ रहा था। इसी दौरान बाइक के पीछे धनबाद बस्ताकोला की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक युवक और उसकी बाइक को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गया। जिससे जहांगीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर तेजी से भागने लगा लेकिन इंदिरा चौक के समीप वाहन अनियंत्रित होकर रामजी पंडित की गुमटी में जा घुसा।

टक्कर से गुमटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि रामजी पंडित कुछ ही देर पहले दुकान बंद कर घर चले गए थे जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को पकड़ कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच चालक को अपने कब्जे मे ले लिया।

पुलिस पर फूटा स्थानीय लोगों का गुस्सा

सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय झरिया पुलिस मौके पर पहुंची और चालक व वाहन को अपनी कब्जे में ले लिया। जब पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया तो लोग भड़क उठे।

भीड़ का आरोप था कि पुलिस मुख्य मार्ग पर बेलगाम दौड़ रहे भारी और तेज रफ्तार वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं करती उल्टे आम नागरिकों को परेशान करती है। नारेबाजी करते हुए उग्र लोगों ने पुलिस टीम को मौके से पीछे खदेड़ दिया और कुछ वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए।

हालात बिगड़ते देख सिंदरी डीएसपी के नेतृत्व में आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और भारी सुरक्षा घेरा बनाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

परिवार में छाया मातम, शादी की खुशियां बदलीं चीख-पुकार में

मृतक जहांगीर झरिया में डेंटिंग-पेंटिंग और पास की एक बैटरी दुकान में काम करता था। उसका एक तीन वर्ष का पुत्र है। नियति की विडंबना देखिए कि जहांगीर की पत्नी साहिन मंगलवार की शाम ही अपनी बहन की शादी में शामिल होने बेटी के साथ मायके पश्चिम बंगाल गई थी।

शादी के घर में जहां शहनाइयां बजने वाली थीं वहां जहांगीर की मौत की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। घटनास्थल पर पहुंचे स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।