धनबाद के हरिणा बाजार में सांसद पुत्र और झामुमो नेता के बेटे के बीच वाहन विवाद, मचा हंगामा
Dhanbad Politics: धनबाद के हरिणा बाजार में धनतेरस पर सांसद, विधायक और झामुमो नेता के पुत्रों के वाहनों के बीच ...और पढ़ें

हरिणा बाजार में टकराव को नियंत्रित करती पुलिस और जब्त वाहन। (फोटो जागरण)
HighLights
सांसद, विधायक और झामुमो नेता के पुत्रों में विवाद।
धनतेरस पर हरिणा बाजार में वाहनों को लेकर टकराव।
पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
संवाद सहयोगी, बरोरा (धनबाद)। धनबाद कोयलांचल में नेताओं से ज्यादा उनके पुत्रों की हनक देखने को मिल रही है। छोटी-छोटी बातों को प्रतिष्ठा का विषय बना लेने की प्रवृत्ति अब आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। ऐसी ही एक घटना शुक्रवार की शाम हरिणा बाजार में देखने को मिली, जहां वाहनों को रास्ता देने के विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया।
धनतेरस के अवसर पर हरिणा बाजार में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब धनबाद के सांसद ढुलू महतो और उनके भाई बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो के पुत्रों की गाड़ी झामुमो नेता कारू यादव के पुत्र विनोद यादव की गाड़ी के आमने-सामने आ गई। दोनों पक्षों के वाहन चालक पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। देखते ही देखते सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
रास्ता देने को लेकर शुरू हुआ विवाद जल्द ही बहस और हंगामे में तब्दील हो गया। बाजार में मौजूद लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने सांसद के पुत्र और भतीजे को जाम से बाहर निकाला, जबकि झामुमो नेता के पुत्र विनोद यादव को हिरासत में लेकर थाने ले गई। घटना ने एक बार फिर राजनीतिक रसूख और नेताओं के परिजनों के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के कारण कुछ देर तक बाजार में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार सांसद व विधायक पुत्रों की गाड़ी गोमो की ओर से आ रही थी, जबकि झामुमो नेता कारू यादव के पुत्र विनोद की गाड़ी हरिणा से गोमो की ओर जा रही थी। हरिणा बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप दोनों गाड़ियां आमने-सामने आ गईं। धनतेरस के कारण बाजार में पहले से ही काफी भीड़ थी।
हंगामे और सड़क जाम से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित होने लगा। इससे नाराज दुकानदारों ने भी हंगामे का विरोध किया। सूचना पर मौके पर पहुंची बरोरा एवं बाघमारा थाना की पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने सांसद एवं विधायक के पुत्र की गाड़ी को भीड़ से बाहर निकाल रवाना किया, जबकि विनोद की गाड़ी को जब्त कर बरोरा थाना ले जाया गया। बरोरा थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि मामले में अब तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर पुलिस विधिसम्मत कार्रवाई करेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।