विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद स्टेशन रोड में पत्नी से छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी, पति को अगवा कर दो जगह पीटा; चेन-नकदी लूटी

Published: Tue, 13 Oct 2026 11:37 PM (IST)

धनबाद के स्टेशन रोड स्थित एक होटल में पत्नी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पति को बेरहमी से पीटा गया और अगवा कर लिया गया।

धनबाद स्टेशन रोड। (फाइल फोटो)

धनबाद स्टेशन रोड। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. होटल में पत्नी से छेड़छाड़ का पति ने किया विरोध।

  2. आरोपियों ने पति को अगवा कर बेरहमी से पीटा।

  3. सोने की चेन, नकदी छीनी; पति आईसीयू में भर्ती।

जागरण संवाददाता, धनबाद। स्टेशन रोड स्थित एक होटल में पत्नी से छेड़छाड़ का विरोध करना पति को महंगा पड़ गया। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक युवकों ने पहले पति के साथ मारपीट की, फिर उसे स्विफ्ट कार में जबरन बैठाकर पंपू तालाब के पास सुनसान जगह पर ले गए।

वहां लोहे की राड और डंडे से बेरहमी से पीटने के बाद आरोपित उसे पुराना बाजार पानी टंकी, तेतुलतल्ला ले गए और वहां भी जमकर पिटाई की। इसके बाद उसे लहूलुहान हालत में छोड़ दिया। आरोपित पति की सोने की चेन और जेब से 3500 रुपये भी छीन ले गए।

मामले में मनइटांड़ निवासी उमा देवी ने धनबाद थाना में शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। घटना 12 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे की बताई गई है। आवेदन के अनुसार, उमा देवी अपने पति पवन सिंह के साथ बाबूडीह स्थित बड़ी बहन के घर से लौट रही थी।

स्टेशन रोड स्थित हर हर महादेव होटल में दोनों छोले-भटूरे खाने के लिए रुके थे। इसी दौरान शोएब खान, तुबाई बनर्जी, शुभम साव उर्फ बबलू, राज साव उर्फ बिल्ली, आदिल खान और अन्य युवकों पर महिला से छेड़छाड़ करने का आरोप है।

महिला के अनुसार, पति ने इसका विरोध करते हुए युवकों से ऐसा करने का कारण पूछा तो सभी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें जबरन कार में बैठाकर अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया और बुरी तरह पीटा गया।

आवेदन में यह भी बताया गया है कि पिटाई के बाद पवन सिंह को लहूलुहान हालत में छोड़ दिया गया। स्थानीय निवासी सिट्टी उन्हें किसी तरह घर लेकर पहुंचे।

उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सुबह करीब चार बजे पाटलिपुत्र नर्सिंग होम के आइसीयू में भर्ती कराया गया। इधर धनबाद थाना की पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- धनबाद पुलिस की बढ़ी ताकत, 45 नई बाइक के साथ सड़कों पर उतरेंगी सिटी हॉक्‍स

यह भी पढ़ें- धनबाद दुर्गा पूजा: 17 से 21 अक्टूबर तक बदलेगा शहर का ट्रैफिक रूट, जानें पूरी व्यवस्था