धनबाद के होटल में रईसजादों का तांडव, बाउंसरों से मारपीट के बाद दिखाई धौंस; 5 थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
धनबाद के एक प्रतिष्ठित होटल में शुक्रवार देर रात रईसजादों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें बाउंसरों को भी पीटा गया।

धनबाद के धनसार स्थित होटल में जमकर बरपा हंगामा। (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
धनबाद के होटल में रईसजादों के दो गुट भिड़े।
बाउंसरों से मारपीट के बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
पांच थानों की पुलिस ने पहुंचकर कार्यक्रम को बंद कराया।
जागरण संवाददाता, धनबाद/धनसार। धनबाद के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के धनसार चौक स्थित एक प्रतिष्ठित होटल में शुक्रवार की देर रात जमकर हंगामा हुआ। म्यूजिक और डांस की महफिल के बीच रईसजादों के दो गुट आपस में भिड़ गए।
देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। बीचबचाव करने पहुंचे होटल के बाउंसरों को भी उनके गुस्से का सामना करना पड़ा। आरोप है कि हंगामा कर रहे लोगों ने बाउंसरों के साथ भी हाथापाई की। हालात बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
पुलिस के सामने भी नहीं थमा हंगामा
सूचना मिलते ही बैंक मोड़ थाना पुलिस की टीम होटल पहुंची। पुलिस ने आयोजकों को कार्यक्रम बंद करने का निर्देश दिया, लेकिन वहां मौजूद लोगों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिस पर भी अपनी धौंस जमाने की कोशिश की और आदेश की अनदेखी करते हुए दोबारा हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बैंक मोड़ पुलिस ने वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
पांच थानों की पुलिस पहुंची, तब बंद हुआ कार्यक्रम
इसके बाद एसपी और डीएसपी के नेतृत्व में धनसार, केंदुआ, बैंक मोड़ समेत पांच थानों की पुलिस टीम भारी संख्या में बल के साथ होटल पहुंची।
अचानक इतनी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को देखकर हंगामा कर रहे लोगों के तेवर ढीले पड़ गए। पुलिस ने सख्ती दिखाई और कड़ा रुख अपनाया, जिसके बाद होटल में चल रहा म्यूजिक और डांस का कार्यक्रम बंद कराया गया।
घटना के बाद इलाके में इस पूरे घटनाक्रम की चर्चा रही। हालांकि, मामले को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
देर रात होटल में हुए हंगामे और मारपीट को लेकर पुलिस की चुप्पी भी सवाल खड़े कर रही है।
यह भी पढ़ें- Navratri2026: हाथी पर सवार होकर आएंगी मां दुर्गा, सुख-समृद्धि और अच्छी वर्षा के संकेत; कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त
यह भी पढ़ें- CM Hemant Soren के पैतृक गांव पहुंचीं पूर्णिमा नीरज सिंह, रुपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि
