विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Cyclone Arnab का धनबाद से बोकारो तक कहर, एक की मौत; कई घर क्षतिग्रस्त

Published: Sat, 31 Oct 2026 09:00 AM (IST)

धनबाद के गोविंदपुर में चक्रवात के दौरान तेज हवा से एक कच्चे मकान की जर्जर दीवार ढह गई। इस हादसे ...और पढ़ें

चक्रवाती बारिश के कारण अपने क्षतिग्रस्त मकान के सामने खड़ीं  गोमिया प्रखंड की पंचमो पंचायत के रविदास टोला निवासी कविता कुमारी। (फोटो जागरण)

चक्रवाती बारिश के कारण अपने क्षतिग्रस्त मकान के सामने खड़ीं गोमिया प्रखंड की पंचमो पंचायत के रविदास टोला निवासी कविता कुमारी। (फोटो जागरण)

जागरण संवाददाता, धनबाद/ललपनिया। Cyclone Arnab चक्रवात अर्नब का धनबाद-बोकारो में काफी असर हुआ है। एक की मौत गई जबकि कई मकान तबाह हो गए। धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के आमाघाटा में एक कच्चे मकान की जर्जर दीवार भरभराकर गिर गई। इसकी चपेट में आने से मलबे में दबकर 66 वर्षीय सुकर कर्मकार की मौत हो गई।

घटना गुरुवार सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच की है। मृतक के पुत्र मनोज कर्मकार ने सरायढेला थाना की पुलिस को दिए बयान में बताया है कि चक्रवात के दौरान तेज हवा चल रही थी।

इसी बीच उनके पिता घर से मवेशियों को बांधने के लिए निकले थे। तभी अचानक कच्चे मकान की पुरानी और जर्जर दीवार गिर गई। इसकी चपेट में आने से उनके पिता मलबे में दब गए।

आवाज सुनकर परिवार के लोग आसपास की लोगों की मदद से उन्हें मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें एसएनएमएमसीएच ले गए। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सरायढेला थाना की पुलिस मृतक के पुत्र के बयान को संबंधित थाना भेज दी है।

गोमिया में बारिश से भरभराकर गिरा कच्चा मकान, बाल-बाल बचा परिवार

बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड की पंचमो पंचायत के रविदास टोला में लगातार हो रही बारिश के कारण गुरुवार देर रात एक कच्चा मिट्टी और खपरैल का मकान भरभराकर गिर गया।

गनीमत रही कि हादसे के समय घर के अंदर मौजूद परिवार के सभी सदस्यों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हालांकि, घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।

पीड़िता कविता कुमारी, पत्नी रमेश रविदास, निवासी पंचमो रविदास टोला ने बताया कि उनके पति दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

परिवार में बुजुर्ग माता-पिता और दो छोटे बच्चे भी हैं। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मिट्टी की दीवारों में नमी आ गई थी, जिससे मकान कमजोर हो गया था।

कविता ने बताया कि बारिश के दौरान अचानक मकान भरभराकर गिर गया। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर ही थे। मकान गिरते ही सभी ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि, घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर बर्बाद हो गया।

इस संबंध में पंचमो पंचायत के मुखिया राजेश रजवार ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। उन्होंने प्रभावित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई है।

पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से मकान और घरेलू सामान को हुए नुकसान का आकलन कर अविलंब मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।

यह भी पढ़ें- धनबाद में चक्रवात अर्नब का असर, धूप-छांव के बाद झमाझम बारिश; IMD ने बताया कब तक बदला रहेगा मौसम

यह भी पढ़ें- JTET Exam: 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को शिक्षकों की छुट्टियां रद, धनबाद DEO ने जारी किया आदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।