विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बच्ची की छोटी-सी ख्वाहिश, धनबाद डीसी ने 48 घंटे में कर दिया पूरा

Published: Sun, 01 Nov 2026 05:54 AM (IST)

Dhanbad School Girl Computer Wish: धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने गोविंदपुर प्रखंड के किस्तोपुर प्राथमिक विद्यालय की एक छात्रा ...और पढ़ें

गोविंदपुर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय किस्तोपुर में कंप्यूटर का शुभारंभ करती नन्ही बच्ची। (फोटो साैजन्य)

गोविंदपुर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय किस्तोपुर में कंप्यूटर का शुभारंभ करती नन्ही बच्ची। (फोटो साैजन्य)

जागरण संवाददाता, धनबाद। सपने देखने के लिए बड़े होने की जरूरत नहीं होती, बस उन्हें पूरा करने के लिए किसी संवेदनशील और संकल्पित व्यक्ति का साथ चाहिए। गोविंदपुर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय किस्तोपुर की एक छोटी छात्रा ने कुछ ऐसा ही सपना देखा और उसे धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन के सामने रख दिया।

उसकी छोटी-सी मांग थी कि स्कूल में कंप्यूटर लग जाए, ताकि वह और उसके साथी भी कंप्यूटर सीख सकें। बच्ची की इस इच्छा को डीसी ने न सिर्फ गंभीरता से सुना, बल्कि महज 48 घंटे में उसे हकीकत में बदल दिया।

बीते 28 अक्टूबर को उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार गोविंदपुर प्रखंड के दौरे पर थे। इसी दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय किस्तोपुर का औचक निरीक्षण किया।

स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लेते हुए जब डीसी बच्चों से रूबरू हुए, तो एक नन्हीं छात्रा ने बेझिझक उनसे स्कूल में कंप्यूटर लगवाने की मांग कर दी। उसकी बातों में आधुनिक शिक्षा से जुड़ने की ललक साफ झलक रही थी।

बच्ची की इस मासूम मांग में डीसी को ग्रामीण बच्चों के बेहतर भविष्य की उम्मीद दिखाई दी। उन्होंने तत्काल अधिकारियों को स्कूल में कंप्यूटर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। निर्देश पर तेजी से अमल हुआ और 31 अक्टूबर को स्कूल में पूरा कंप्यूटर सेट स्थापित कर दिया गया।

स्कूल में कंप्यूटर पहुंचते ही बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। खास बात यह भी रही कि जिस बच्ची ने डीसी से कंप्यूटर की मांग की थी उसके हाथों ही क्लासरूम में कंप्यूटर का उद्घाटन कराया गया। शनिवार के पहले स्कूल के बच्चे जिस कंप्यूटर को अब तक वे शायद दूर से देखते या किताबों में पढ़ते थे, अब उसे छूने और सीखने का मौका उनके पास था।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि यह पहल महज एक स्कूल को कंप्यूटर देने तक सीमित नहीं है। इसके पीछे सोच है कि ग्रामीण क्षेत्र की बच्चियां भी तकनीक के मामले में पीछे न रहें, वे डिजिटल शिक्षा हासिल करें और आने वाले समय में आत्मनिर्भर व दक्ष बनें।

यह भी पढ़ें- सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर बोले सुदेश महतो, राष्ट्र की एकता-अखंडता में रहा अहम योगदान

यह भी पढ़ें- सीट बेल्ट नहीं लगाने पर धनबाद पुलिस ने कार चालक से की मारपीट, पत्नी के सामने बाल पकड़कर खींचा; बवाल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।