Dhanbad Crime: 15 दिन के बाद धनबाद लौटे डॉक्टर समीर कुमार, क्लिनिक में पहले की तरह उमड़ी मरीजों की भीड़
Dhanbad Crime एक करोड़ रुपये रंगदारी के लिए शूटर अमन सिंह की धमकी के बाद धनबाद छोड़ने वाले डॉक्टर समीर कुमार 15 दिन के बाद वापस लौट आए हैं। धनबाद आने पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि धनबाद आकर काफी संतुष्टि मिली है।

जागरण संवाददाता, धनबाद: एक करोड़ रुपये रंगदारी के लिए शूटर अमन सिंह की धमकी के बाद धनबाद छोड़ने वाले डॉक्टर समीर कुमार 15 दिन के बाद वापस लौट आए हैं। धनबाद आने पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। डॉक्टर समीर कुमार धनबाद वापस लौटने के बाद बुधवार को मटकुरिया स्थित अपनी सुयश क्लिनिक में गए। उनके क्लिनिक पहुंचते ही कर्मचारियों और नर्सों की आंखें डबडबा गईं। डॉक्टर के आने की सूचना पर ही काफी संख्या में मरीज भी इलाज के लिए पहुंचे। डॉक्टर समीर ने हंसकर सबका अभिवादन किया। इसके बाद ओपीडी में मरीजों को सेवा देने में जुट गए। डॉक्टर समीर कुमार ने कहा कि धनबाद आकर उन्हें काफी संतुष्टि मिल रही है। पुलिस की सुरक्षा मिली तो बिना रोक-टोक पब्लिक की सेवा करेंगे।
आइएमए के पदाधिकारी भी मिलने पहुंचे: डॉक्टर समीर कुमार की धनबाद वापसी पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार से मिलकर सुरक्षा को लेकर जानकारी ली। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के लिए जवान मुहैया कराए गए हैं। इसके अलावा पुलिस पदाधिकारियों ने उनकी सुरक्षा का पूरा इंतजाम होने का दावा किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी प्रकार का फोन कॉल अथवा धमकी मिलने पर तत्काल इसकी सूचना उपलब्ध कराएं। जो भी अपराधी किस्म के लोग हैं, वह सलाखों के पीछे भेजे जा रहे हैं।
चार मई को बंद हो गया था क्लिनिक का दरवाजा: एक करोड़ रुपये की रंगदारी एकमुश्त और 5 लाख रुपये प्रति माह देने की मांग को लेकर अमन सिंह और उसके गिरोह का छोटू सिंह डॉक्टर समीर कुमार को फोन कर रहा था। धमकियों से परेशान होकर डॉक्टर ने 4 मई को धनबाद छोड़ दिया था। मामला मुख्यमंत्री और राज्य के डीजीपी तक पहुंचा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप के बाद जिला प्रशासन रेस हुआ। पूरे जिले में पुलिस प्रशासन की ओर से ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। हर दिन अपराधियों को पुलिस गिरफ्तार कर रही है। अमन सिंह मामले में 4 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। अमन सिंह को धनबाद मंडल कारा से दुमका मंडल कारा भेज दिया गया है। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने डॉक्टर समीर को सुरक्षा की गारंटी दी।
छोटू सिंह अब भी लापता: जिस आशीष रंजन उर्फ छोटू सिंह ने अमन सिंह के नाम पर धमकी देने की शुरुआत की, वह अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस उसे भी तलाश रही है। हालांकि धनबाद वापसलौटने से पहले डॉक्टर समीर कुमार ने उसकी भी गिरफ्तारी की शर्त रखी थी, लेकिन अब पुलिस की कार्रवाई और मिल रही सुरक्षा पर भरोसा जताते हुए एक बार फिर लोगों की सेवा शुरू कर दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।