धनबाद में दीपावली से पहले खाद्य विभाग का बड़ा शिकंजा, 25 क्विंटल प्रतिबंधित रंग वाली मिठाई जब्त
खाद्य सुरक्षा विभाग ने दीपावली से पहले धनबाद के चिरकुंडा में बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 क्विंटल लड्डू और काजू बर्फी जब्त की।

धनबाद के चिरकुंडा में मिठाइयों की जांच करती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम। (फोटो जागरण)
HighLights
दीपावली से पहले धनबाद में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई।
चिरकुंडा में 25 क्विंटल प्रतिबंधित रंग वाली मिठाई जब्त।
सड़क किनारे बन रही मिठाइयों में मिलावट पर होगी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, मैथन (धनबाद)। Chirkunda Sweet Shop Raid: दीपावली के त्योहार पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे मिठाई कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
मंगलवार को चिरकुंडा में जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में टीम ने एक साथ तीन मिठाई दुकानों पर छापेमारी कर करीब 25 क्विंटल लड्डू और काजू बर्फी जब्त की।
सड़क किनारे टेंट लगाकर तैयार की जा रही इन मिठाइयों में प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। कार्रवाई से क्षेत्र के मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
जिन तीन दुकानों में छापेमारी की गई, उनमें बाबूलाल शर्मा, दामोदर महाराज और गोपाल मंडल की दुकानें शामिल हैं। जांच के दौरान लड्डुओं में चंपई रंग का इस्तेमाल पाया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, इस तरह के प्रतिबंधित रंगों से तैयार मिठाइयों का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकता है। टीम ने मिठाइयों के नमूने लेने के बाद जब्त लड्डुओं को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की।
जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. राजा कुमार ने बताया कि तीनों दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान मिलावटी और प्रतिबंधित रंगों से तैयार मिठाइयों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जहां से भी इस तरह की शिकायत या सूचना मिल रही है, वहां छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नकली और प्रतिबंधित रंगों से बनी मिठाइयों की बिक्री किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
त्योहार के दौरान आम लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। छापेमारी में करीब दो दर्जन पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे।
यह भी पढ़ें- दिवाली से पहले झरिया में मिलावटी मिठाइयों पर छापा, 360 किलो खाद्य सामग्री जब्त
यह भी पढ़ें- BCCL की मुनीडीह कोलियरी को मिला 5-स्टार सम्मान, भूमिगत खदानों में नौवां स्थान