बंगाल-झारखंड से दिल्ली जाने वाली 2 राजधानी एक्सप्रेस अचानक रद, हजारों यात्रियों की बढ़ी परेशानी
दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन के कारण रेलवे ने हावड़ा-नई दिल्ली और सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है।

दिल्ली में काकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के कारण ट्रेनें रद। (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। Cockroach Janata Party Delhi Protest: दिल्ली में 10 अक्टूबर को होनेवाले प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे ने शुक्रवार को चलने वाली हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस और सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को रद कर दिया है।
रांची से नई दिल्ली के बीच चलने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस भी रद कर दी गई है। कुछ और ट्रेनें भी प्रभावित हो सकती हैं।
रेलवे बोर्ड से जारी आदेश में कहा गया कि 10 अक्टूबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आस-पास के इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम की आशंका है।
ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए शुक्रवार दोपहर दो बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से चलने वाली और 10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच नई दिल्ली स्टेशन पहुंचने वाली सभी मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशन पर ही रद कर दिया जाएगा।
अचानक रद हुई ट्रेनों ने बढ़ा दी हजारों यात्रियों की परेशानी
अचानक रद हुई ट्रेनों ने हजारों यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। हावड़ा और सियालदह राजधानी जैसी प्रीमियम ट्रेनों में अगले कई दिनों तक लंबी वेटिंगलिस्ट है। ऐसे में जिन यात्रियों ने नौ अक्टूबर के लिए टिकट बुक कराया था, उन्हें विकल्प ढूंढ़ना होगा।
धनबाद-शकूर बस्ती स्पेशल में करंट बुकिंग उपलब्ध
हावड़ा व सियालदह राजधानी एक्सप्रेस रद होने से परेशान धनबाद और आसपास के यात्री धनबाद-शकूर बस्ती स्पेशल में करंट बुकिंग करा सकते हैं। शुक्रवार शाम 6:30 पर खुलने वाली ट्रेन में इकोनमी क्लास की 90 सीटें खाली हैं। स्पेशल ट्रेन स्पेशल शनिवार शाम में दिल्ली पहुंचेगी।
