बंगाल में ममता को घेरा, अब SIR पर सवाल; राहुल गांधी से बाबूलाल मरांडी ने पूछा- कौन सा बयान सही?
Babulal Marandi: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने राहुल गांधी पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आंदोलन को लेकर निशाना साधा है।

धनबाद सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी। (फोटो सौजन्य)
HighLights
राहुल गांधी के मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आंदोलन पर मरांडी का निशाना।
बंगाल चुनाव पर राहुल के पुराने बयान और वर्तमान रुख पर सवाल।
कांग्रेस की हार छिपाने के लिए चुनाव आयोग पर सवाल उठाने का आरोप।
जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन कर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी खुद एक्सपोज हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है और जनता उसे नकार रही है। अपनी नाकामी छिपाने के लिए पार्टी SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को मुद्दा बना रही है और चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है।
अपनी नाकामी छिपाने के लिए आंदोलन कर रहे राहुल
मरांडी गुरुवार को धनबाद परिसदन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार कमजोर हो रही है। इससे पार्टी के नेता और कार्यकर्ता हताश हैं। राहुल के नेतृत्व पर कांग्रेस में सवाल न उठे इसलिए आंदोलन हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास जनता को बताने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है। इसी कारण वह एसआईआर के बहाने चुनाव आयोग पर निशाना साध रही है।
झूठ बोलकर कोर्ट में माफी मांगने की आदत
भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी के बयान का हवाला देते हुए उनसे अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है।
मरांडी ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी का उस समय दिया गया बयान सही था या अब एसआईआर और चुनाव आयोग को लेकर लगाए जा रहे आरोप सही हैं।
मरांडी ने कहा कि चुनाव के समय राहुल गांधी ने कहा था कि अगर ममता बनर्जी ने साफ-सुथरी सरकार दी होती, भ्रष्टाचार नहीं किया होता और राज्य का ध्रुवीकरण नहीं किया होता, तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए बंगाल में कोई रास्ता नहीं खुलता।
उन्होंने कहा कि अब वही राहुल गांधी एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सवाल उठा रहे हैं। मरांडी ने कहा कि राहुल गांधी को जनता के बीच स्पष्ट करना चाहिए कि उनका पहले का बयान सही था या अब चुनाव आयोग को लेकर उठाए जा रहे सवाल।
मरांडी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार झूठ बोलते हैं और बाद में अदालत में माफी मांग लेते हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब जानती है और कांग्रेस को अपने राजनीतिक रुख पर जवाब देना चाहिए।
केवल विरोध के लिए विरोध उचित नहीं
मरांडी ने सीजीपीसी के आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी आंदोलन को उचित कारण और मर्यादा के दायरे में होना चाहिए। केवल विरोध के लिए विरोध करना उचित नहीं है।
2029 की तैयारी का आह्वान
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि भाजपा वर्ष 2029 के चुनाव के लिए तैयार है। पार्टी में नए और प्रभावी कार्यकर्ताओं को जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
धनबाद पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मरांडी का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। मौके पर भाजपा नेता तारा देवी, मानस प्रसून, कुंभनाथ सिंह, नित्यानंद मंडल, बसंती देवी, रिंकू सिंह, जीराखान सिंह और ध्रुव हाड़ी समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
