विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CMPFO: कोयला कर्मियों को राहत, 10 साल से कम सेवा पर भी पेंशन; वापस मिलेगा अंशदान

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:10 PM (IST)

CMPFO 10 साल से कम सेवा वाले कोयला कर्मचारियों को उनके पेंशन अंशदान को ब्याज सहित लौटाने पर विचार कर रहा है।

धनबाद स्थित कोयला खान भविष्य निधि संगठन का मुख्यालय। (फाइल फोटो)

धनबाद स्थित कोयला खान भविष्य निधि संगठन का मुख्यालय। (फाइल फोटो)

आशीष अंबष्ठ, धनबाद। कोयला सेक्टर में 10 साल से कम सेवा अवधि पूरी कर सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। कोयला खान भविष्य निधि संगठन (सीएमपीएफओ) ऐसे कर्मचारियों को पेंशन मद में जमा उनका अंशदान ब्याज सहित लौटाने पर विचार कर रहा है।

इसके लिए संगठन की ओर से विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा। इसमें पात्र कर्मचारियों की संख्या, उनके खाते में जमा राशि और देय ब्याज का आकलन किया जाएगा।

नई दिल्ली में 26 अक्टूबर को हुई सीएमपीएफओ की निवेश उपसमिति की बैठक में यह महत्वपूर्ण मुद्दा उठा। बैठक में इस दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी। इसके बाद सीएमपीएफ प्रबंधन ने आवश्यक आंकड़े जुटाने की तैयारी शुरू कर दी है।

प्रस्ताव को नवंबर के अंतिम सप्ताह में होने वाली बोर्ड ऑफ ट्रस्टी की बैठक में रखा जाएगा। बोर्ड की मंजूरी मिलने पर हजारों सेवानिवृत्त कोयला कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने का रास्ता साफ हो सकता है।

अंशदान कटता रहा, पेंशन का लाभ नहीं मिला

दरअसल, मौजूदा व्यवस्था के तहत 10 साल से कम सेवा अवधि वाले कर्मचारियों को नियमित पेंशन का लाभ नहीं मिलता है। जबकि नौकरी के दौरान उनके वेतन से लगातार पेंशन मद में अंशदान की कटौती होती रहती है। सेवानिवृत्ति के बाद सेवा अवधि निर्धारित सीमा से कम होने के कारण उन्हें पेंशन नहीं मिल पाती।

इसी विसंगति को देखते हुए श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पेंशन मद में जमा अंशदान की राशि ब्याज सहित वापस करने की मांग उठाई थी।

निवेश उपसमिति की बैठक में इस मांग पर गंभीरता से विचार किया गया। अब संबंधित कर्मचारियों की संख्या और भुगतान की संभावित राशि का आकलन कर प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
डीएचएफएल प्रकरण के बाद निवेश पर बढ़ी निगरानी

दूसरी ओर, डीएचएफएल प्रकरण में करोड़ों रुपये की राशि डूबने के बाद सीएमपीएफओ ने निवेश के मामले में भी सतर्कता बढ़ा दी है। संगठन अपने निवेश की पूरी व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है।

कोयला मंत्रालय ने निवेश उपसमिति को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने और निवेश से जुड़े मामलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा है।

तीनों निधियों के निवेश पोर्टफोलियो की होगी समीक्षा

बैठक में भविष्य निधि, पेंशन निधि और प्रशासनिक निधि के निवेश पोर्टफोलियो की निगरानी पर जोर दिया गया। स्पष्ट किया गया कि कर्मचारियों की मेहनत की कमाई से जुड़ी राशि का निवेश पूरी सुरक्षा और निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए।

निवेश के विभिन्न विकल्पों, उनसे जुड़े जोखिम और मिलने वाले ब्याज का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर भविष्य की निवेश रणनीति तैयार होगी, ताकि कर्मचारियों की जमा पूंजी सुरक्षित रहे और निवेश पर बेहतर प्रतिफल भी मिल सके।

यह भी पढ़ें- DHFL में फंसे CMPFO के 727 करोड़, 16 बार फाइल भेजने के बाद भी नहीं निकली रकम; CBI जांच शुरू

यह भी पढ़ें- CMPFO का DLC अभियान 5.0 शुरू, पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए नहीं लगाने होंगे चक्कर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।