Chhath Puja 2026: धनबाद के छठ घाट सज-धजकर तैयार, आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती
Dhanbad Chhath Puja 2026: लोक आस्था का महापर्व छठ चरम पर है, जहां घाट सज-धजकर तैयार हैं। व्रतियों ने खरना ...और पढ़ें

HighLights
खरना के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ।
धनबाद के घाट आकर्षक रोशनी और सजावट से जगमगा उठे।
आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ का भक्तिमय माहौल धनबाद कोयलांचल में चरम पर है। महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रतियों ने खरना का अनुष्ठान किया। इसके बाद शाम को खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इसी के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया।

रविवार की शाम व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके अगले दिन सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
धनबाद कोयलांचल के छठ घाट पूरी तरह तैयार हैं। घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। शहर के प्रमुख छठ घाटों में राजेंद्र सरोवर (बेकारबांध तालाब) और बैंक मोड़ स्थित विकास नगर छठ तालाब की सजावट देखते ही बन रही है। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से घाटों की छटा देखते ही बन रही है। छठ को लेकर पूरे कोयलांचल में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
घरों से घाटों तक दिखेगी आस्था की छटा
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर कोयलांचल में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। शहर से लेकर गांवों तक छठ महापर्व की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार धनबाद जिले में करीब नौ लाख लोग छठ पूजा में शामिल होंगे। इनमें व्रती के साथ उनके परिवार के सदस्य और श्रद्धालु भी शामिल हैं।
खास बात यह है कि अब छठ पूजा केवल पारंपरिक तालाबों और नदी घाटों तक सीमित नहीं रह गई है। गंदगी, भीड़ और सुविधा के अभाव के बीच बड़ी संख्या में लोग घरों की छतों, आंगनों और अपार्टमेंट परिसरों में अस्थायी तालाब और मिनी घाट बनाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य देने की तैयारी की हैं।
131 सार्वजनिक घाटों पर जुटेंगे श्रद्धालु
धनबाद नगर निगम क्षेत्र के 88 प्रमुख छठ घाटों समेत पूरे जिले में लगभग 131 सार्वजनिक घाटों पर अर्घ्य दिया जाएगा। इन घाटों पर तीन लाख से अधिक व्रती और श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। व्रती घंटों पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य की आराधना करेंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी छठ की रौनक
गोविंदपुर, निरसा, बाघमारा, बलियापुर, तोपचांची, टुंडी और एग्यारकुंड समेत विभिन्न प्रखंडों में तालाबों, जोरिया और नदियों के किनारे करीब 105 से 125 छोटे-बड़े घाटों पर छठ पूजा होगी। इसमें भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचेंगे।
घरों में भी बन रहे अस्थायी छठ घाट, छह लाख लोग करेंगे पूजा
जिले में छठ महापर्व को लेकर उत्साह बढ़ता जा रहा है। सार्वजनिक घाटों के अलावा करीब छह लाख लोग घरों की छतों, आंगनों और अपार्टमेंट परिसरों में अस्थायी हौद और मिनी घाट बनाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगे। पारंपरिक घाटों के साथ घरेलू छठ की परंपरा भी तेजी से विस्तार ले रही है। जिले में व्रतियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
महापौर और नगर आयुक्त ने छठ घाटों का लिया जायजा
महापर्व छठ को देखते हुए श्रद्धालुओं एवं व्रतियों की सुविधा के लिए नगर निगम की ओर से लगातार तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। शनिवार को मेयर संजीव सिंह एवं नगर आयुक्त आशीष गंगवार झरिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर छठ घाटों की साफ-सफाई, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

महापौर झरिया के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर छठ घाटों पर चल रहे सफाई कार्यों एवं अन्य तैयारियों का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों एवं निगम की टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। छठ पूजा से पहले सभी घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथ, रोशनी एवं सुरक्षा सहित जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।