मैथन डैम पर छठ की धूम, अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य; अब उदीयमान सूर्य की पूजा की तैयारी
Chhath Puja 2026: मैथन और आसपास के क्षेत्रों में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाया गया। ...और पढ़ें

धनबाद के एग्यारकुंड स्थित कृष्णा कांटा छठ घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देतीं व्रतियां। (फोटो जागरण)
HighLights
मैथन और आसपास छठ महापर्व श्रद्धा और भक्तिभाव से मना।
मैथन डैम सहित घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।
सुरक्षा और व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे।
जागरण संवाददाता, मैथन (धनबाद)। लोक आस्था का महापर्व छठ मैथन एवं आसपास के क्षेत्रों में रविवार को पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के लिए मैथन डैम स्थित विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

व्रतधारियों ने परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचकर पूरे विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया तथा परिवार की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। अब सोमवार सुबह उगते हुए सूर्य की पूजा की जाएगी। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न होगा।
महापर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मैथन छठ पूजा सेवा समिति, मैथन पुलिस, डीवीसी, मैथन पावर लिमिटेड और स्थानीय समाजसेवियों की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए थे। वहीं, जलाशय में सुरक्षा के मद्देनजर स्पीड बोट की व्यवस्था की गई थी। घाटों पर भीड़ नियंत्रण, वाहनों की पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए समिति के सदस्य एवं सुरक्षा प्रहरी सक्रिय रहे।
मैथन छठ पूजा सेवा समिति ने श्रद्धालुओं से अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ पूजा संपन्न कराने की अपील की। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर समिति के सदस्यों से संपर्क करने का आग्रह किया गया।
इधर, एग्यारकुंड स्थित कृष्णा कांटा छठ घाट पर भी अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
श्री सूर्योदय छठ पूजा सेवा समिति के अध्यक्ष लालाबाबू यादव सहित अन्य सदस्य व्यवस्था संभालने में सक्रिय रहे। विधायक अरूप चटर्जी एवं सीडीपीओ ली महतो ने घाट पहुंचकर तैयारियों और व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके अलावा बराकर एवं चिरकुंडा नदी घाटों पर भी बड़ी संख्या में व्रतियों और श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।