Chhath Puja 2026: नहाय-खाय के साथ धनबाद में चार दिवसीय छठ महापर्व शुरू, आज खरना
Nahaye Khaye 2026: धनबाद में लोक आस्था का चार दिवसीय छठ महापर्व नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। आज ...और पढ़ें

नहाय-खाय के अवसर पर प्रसाद ग्रहण करतीं छठ व्रतियां। (फोटो जागरण)
HighLights
धनबाद में चार दिवसीय छठ महापर्व नहाय-खाय से शुरू।
आज खरना के साथ 36 घंटे का निर्जला उपवास प्रारंभ।
शहर में छठ को लेकर भक्तिमय माहौल, तैयारियां जोरों पर।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Chhath Puja 2026 Nahaye Khaye: लोक आस्था का चार दिवसीय छठ महापर्व शुक्रवार को नहाय-खाय और कद्दू-भात के साथ शुरू हो गया। महापर्व को लेकर धनबाद शहर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
सुबह से ही छठ व्रती पवित्रता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखते हुए घरों में कद्दू, दाल और चावल का प्रसाद तैयार करने में जुटे रहे। विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों के बीच भी प्रसाद वितरित किया गया।
छठ को लेकर दीपावली के बाद से ही घरों में तैयारियां शुरू हो गई थीं। बाजारों में भी पर्व की रौनक देखने को मिली। बांस से बने सूप, डाला और पूजन सामग्री के साथ फलों की खरीदारी के लिए दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है।
मांग बढ़ने से सूप और डाला सहित पूजन सामग्री की कीमतों में भी तेजी आई है। शनिवार को व्रती खरना का अनुष्ठान करेंगे।
खरना के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला उपवास
नहाय-खाय के साथ शुक्रवार को छठ महापर्व की शुरुआत हो गई। शनिवार को व्रती खरना का अनुष्ठान करेंगे। इस दौरान महिलाएं शाम को आम की लकड़ी से चूल्हा जलाकर गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार करेंगी।
पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा। इसके बाद व्रती रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी।
विद्युत सज्जा से जगमगाने लगे गली-मोहल्ले, सफाई तेज
छठ महापर्व को लेकर शहर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पवित्रता और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य सड़कों तक साफ-सफाई की जा रही है।
जगह-जगह आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। वहीं, घरों और मोहल्लों में छठ गीतों की गूंज से पूरा वातावरण छठमय हो गया है।
यह भी पढ़ें- Chhath Puja 2026: कहीं नहीं दिखेगी ऐसी आस्था, बच्चों को लांघकर व्रती देती हैं आयुष्मान का आशीर्वाद
यह भी पढ़ें- झारखंड में तेजी से गिर रहा पारा, छठ पर कैसा रहेगा धनबाद का हाल? IMD ने बताया, सुबह के अर्घ्य के समय कैसा रहेगा आसमान