'राम-रहीम' की हत्या की सुपारी देने के मामले में धनबाद कोर्ट में पेश हुए सांसद ढुलू महतो, खुद को बताया बेकसूर
MP Dhulu Mahto धनबाद कोर्ट में राम-रहीम की हत्या की सुपारी देने के मामले में पेश हुए, जहां उन्होंने खुद को निर्दोष बताया। यह मामला अक्टूबर 2022 में कांग्रेस नेताओं की हत्या की साजिश और फायरिंग से जुड़ा है।

धनबाद कोर्ट में पेशी के लिए जाते सांसद ढुलू महतो और साथ में अधिवक्ता राधेश्याम गोस्वामी व अन्य। (फोटो जागरण)
HighLights
सांसद ढुलू महतो राम-रहीम हत्याकांड मामले में कोर्ट में पेश हुए।
उन्होंने अदालत में अपना बयान दर्ज कराकर खुद को निर्दोष बताया।
यह मामला राजनीतिक अदावत और फायरिंग की घटना से संबंधित है।
जागरण संवाददाता, धनबाद। कांग्रेस नेता राजकुमार महतो उर्फ राम और असलम मंसूरी उर्फ रहीम की कथित रूप से हत्या की सुपारी देने एवं षड्यंत्र रच कर फायरिंग करवाने के मामले की सुनवाई शनिवार को धनबाद के जिला एवं सत्र न्यायाधीश दुर्गेश चंद्र अवस्थी की अदालत में हुई।
सुनवाई के दाैरान अदालत में भाजपा नेता धनबाद के सांसद ढुलू महतो महतो और उनके सहयोगी दिनेश रवानी, सुनील राय व विक्की डोम भी कोर्ट में पेश हुए। सांसद और अन्य का सफाई बयान दर्ज किया गया। सभी ने कोर्ट को दिए अपने बयान में खुद को निर्दोष बताया।
अक्टूबर 2022 को राम-रहीम पर हुआ था हमला
प्राथमिकी रामेश्वर तूरी के शिकायत पर 12 अक्टूबर 2022 को केंदुआडीह थाने में तत्कालीन विधायक (अब सांसद) ढुल्लू महतो, दिनेश रवानी, सुनील राय और विक्की डोम के विरुद्ध केंदुआ दी थाना कांड संख्या 132 / 22 दर्ज की गई थी।
प्राथमिकी के मुताबिक 12 अक्टूबर 2022 के दोपहर 12:00 बजे रामेश्वर तूरी गडेरिया नदी से नहाकर आ रहा था कि सरकारी स्कूल के समीप 10 से 12 लोग बैठे थे।
एक दूसरे से बात कर रहे थे कि ढुल्लू महतो ने राम-रहीम को मारने की सुपारी 5 लाख मे दिनेश रवानी, सुनील राय और विक्की डोम को दी थी। आरोप है कि उपरोक्त के द्वारा रामेश्वर के भतीजे के ऊपर गोली चलाई गई थी जिसमें वह जख्मी हो गया था।
सांसद और राम-रहीम के बीच राजनीतिक अदावत
कांग्रेस नेता राजकुमार महतो उर्फ राम और असलम मंसूरी उर्फ रहीम की जोड़ी कतरास क्षेत्र में मशहूर है। दोनों झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो के समर्थक हैं। ढुलू महतो और जलेश्वर महतो राजनीतिक प्रतिद्वंदी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।