बंद करो... बंद करो... धनबाद की अनदेखी बंद करो, जन्म दिन पर झारखंड विधानसभा में राज ने दिया धरना
धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने सोमवार को अलग अंदाज में अपना जन्म दिन मनाया। उन्होंने इस खास माैके पर झारखंड विधानसभा की सीढ़ियों पर धरना दिया। उनकी मांग धनबाद के बैंक मोड़ से रांगाटाड के बीच रेल ओवर ब्रिज निर्माण को लेकर थी।

जागरण संवाददाता, धनबाद। भाजपा विधायक राज सिन्हा का सोमवार को जन्म दिन था। उन्होंने एक अलग अंदाज में अपना खास दिन मनाया। झारखंड विधानसभा की सीढ़ियों पर धरना दिया। वे धनबाद में मटकुरिया से बैंक मोड तक फ्लाईओवर बनाने और लोगों को सड़क जाम से निजात दिलाने की मांग को लेकर धरना देने बैठ गए। अकेले धरना पर बैठे विधायक अपने साथ कई स्लोगन लिए हुए थे। इनमें लिखा था- बंद करो, बंद करो, धनबाद की अनदेखी बंद करो। धनबाद की जनता करे पुकार, ट्रैफिक जाम से मची हाहाकार। धनबाद में मटकुरिया से बैंक मोड होते हुए पूजा टॉकीज तक फ्लाईओवर का हो निर्माण।
मंत्री आलमगीर और बादल ने मनाया
लगभग घंटे भर धरना देने के बाद राज्य सरकार के दो कैबिनेट मंत्री उनसे मिलने आए। इनमें ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम एवं कृषि मंत्री बादल पत्रलेख शामिल थे। उन्होंने विधायक से बैठक में भाग लेने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि यह सिर्फ मेरी ही मांग नहीं है, आप लोग भी उसी रास्ते उसी भयंकर जाम से होकर गुजरते हैं। इस मुद्दे पर पहले भी कई बार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत हो चुकी है। उन्होंने सकारात्मक आश्वासन भी दिया है। लेकिन फ्लाईओवर को लेकर अभी तक कुछ हुआ नहीं। इस पर मंत्री द्वय ने यह कहा कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीर है और जल्द एक्शन लेगी। धनबाद के जाम से वे वाकिफ हैं। मंत्रियों के आश्वासन के बाद विधायक भी मान गए और अपना स्लोगन लेकर बैठक में भाग लेने चले गए। उन्होंने धनबाद में बिजली-पानी के संकट पर भी सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया।
धनबाद में सड़क जाम के विरोध में इंटरनेट मीडिया पर चल रहा आंदोलन
बता दें कि आज विधायक सत्र में भाग लेने रांची पहुंचे हैं। इस बीच धनबाद के सड़क जाम के मुद्दे पर जिले के युवकों का इंटरनेट मीडिया पर अभियान चरम पर है। एक ही दिन में मीटर पर 10,000 लोगों ने जाम की समस्या पर अपनी बात रखी है। इसकी वजह से जनप्रतिनिधियों पर इस समस्या को हल करने का दबाव बढ़ा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।