BJP Dhanbad: पहली बार मोदी सरकार ने करवाया असंगठित मजदूरों का निबंधन, ठेला-खोमचा वालों को लेबर कोड की दी जानकारी
BJP Dhanbad भाजपा कार्यकर्ताओं ने लेबर कोड पर बुधवार को बैंकमोड़ इलाके में जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान ठेला-खोमचा वालों को लेबर कोड की फोटो कॉपी दी गई। महानगर अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने ही सभी मजदूरों का निबंधन कराया है।

धनबाद, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी (BJP) कार्यकर्ताओं ने लेबर कोड पर बुधवार को शहर के बैंकमोड़ इलाके में जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान ठेला-खोमचा वालों को लेबर कोड की फोटो कॉपी दी गई। बैंकमोड़ के राजेंद्र मार्केट, कतरास रोड, बड़ा गुरुद्वारा, झरिया रोड, शांति भवन इलाकों में अभियान चलाया गया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि अब तक की सरकारें सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें ही करती रही हैं। मोदी सरकार ने ही सभी मजदूरों का निबंधन कराया। इससे यह तय हो गया कि देश में कितने दैनिक मजदूर, कितने कृषि मजदूर, कितने निर्माण क्षेत्र के मजदूर हैं।
भाजपा नगर जिलाध्यक्ष ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के तमाम मजदूरों को उनके कार्य के अनुसार सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। उन्हें बीमा, न्यूनतम मजदूरी, काम की गारंटी, इलाज की सुविधा, काम में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, वस्त्र इत्यादि दिए जा रहे हैं। उनका स्वास्थ्य बीमा भी करवाया जा रहा है। इससे असंगठित मजदूरों को काफी लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि जो भी असंगठित मजदूर निबंधित नहीं हैं वे जल्द ही अपना निबंधन करा लें और मुफ्त में इन सुविधाओं का लाभ लें। केंद्र की मोदी सरकार पंडित दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत पर काम कर रही है।

भाजपा का यह अभियान एक सप्ताह तक चलेगा। मंगलवार को पत्रक वितरण के दौरान नितिन भट्ट, मानस प्रसून, प्रीतपाल सिंह आजमानी, संतोष साव, चंद्रशेखर मुन्ना, सोनू सिंह, संजय गोस्वामी, उमेश यादव, अभिषेक पांडेय, महेश पासवान, संतोष साव, देवाशीष पाल, सरोज प्रसाद आदि शामिल थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।