विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में अवैध कोयला उत्खनन जारी, बीसीसीएल ने पुलिस पर उठाए सवाल

Published: Sat, 17 Oct 2026 01:26 PM (IST)

Dhanbad Coal Theft: बीसीसीएल के एक पत्र से खुलासा हुआ है कि रामकनाली ओपी क्षेत्र में अवैध कोयला उत्खनन लगातार जारी है, जिससे जान-माल के नुकसान का खतरा है।

धनबाद में बड़े पैमाने पर कोयले के अवैध खदानों का हो रहा संचालन। (प्रतीकात्मक फोटो)

धनबाद में बड़े पैमाने पर कोयले के अवैध खदानों का हो रहा संचालन। (प्रतीकात्मक फोटो)

जागरण संवाददाता, धनबाद। पुलिस और सीआइएसएफ अवैध कोयला उत्खनन और चोरी पर लगाम लगाने के दावे करते हैं, लेकिन बीसीसीएल के पत्र में बाघमारा क्षेत्र के रामकनाली ओपी के अंतर्गत कोयले की लूट जारी होने की बात कही गई है। बीसीसीएल ने धनबाद पुलिस से इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

बीसीसीएल के कतरास क्षेत्रीय प्रबंधक (मानव संसाधन) ने कंपनी के लेटर पैड पर रामकनाली ओपी प्रभारी को पत्र लिखकर अवैध उत्खनन बंद कराने का आग्रह किया है। पत्र के अनुसार, झिंझीपहाड़ी पंचायत की मुखिया प्रेमलता कुमारी ने प्रबंधक को अवैध खनन की जानकारी दी थी। इसमें भू-धंसान और जान-माल की क्षति की बात कही गई थी।

अवैध खनन रोकने के लिए केशालपुर बिजली घर के सामने, दो नम्बर बंद खदान समेत अन्य जगहों पर बीसीसीएल और सीआइएसएफ ने अवैध मुहानों को पूरी तरह बंद किया था। इसके बावजूद उत्खनन जारी है।

बीसीसीएल अधिकारी ने पत्र में कहा है कि रामकनाली ओपी प्रभारी को कई बार अवैध उत्खनन की सूचना देकर इसे रोकने का आग्रह किया गया। परियोजना पदाधिकारी, एकेडब्लूएमसी की ओर से तीन अप्रैल 2026 और 24 सितंबर 2026 को एक साथ तीन पत्र जारी किए गए।

प्रबंधक ने खेद जताते हुए कहा कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जो चिंताजनक है। उन्होंने लिखा कि ओपी प्रभारी को अपेक्षित कार्रवाई के लिए अनेक बार सूचित किया गया। यह घनी आबादी वाला रिहायशी क्षेत्र है, इसलिए इसे रोकने की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस की अधिक है।

पूर्व बियाडा अध्यक्ष बिजय कुमार झा ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, डीजीपी, आइजी बोकारो, डीआइजी, सीआइएसएफ धनबाद, उपायुक्त और एसएसपी धनबाद से मामले पर संज्ञान लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यह जनता की सुरक्षा और देश की बेशकीमती संपदा का सवाल है। दुर्घटना होने पर जिम्मेदारी किसकी होगी।

यह भी पढ़ें- धनबाद में व्यावसायिक वाहनों से वसूला जाएगा प्रवेश शुल्क, निगम ने शुरू की तैयारी

यह भी पढ़ें- दिवाली-छठ पर यात्रियों को राहत, राजस्थान से बंगाल के बीच चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन