Coal India: त्योहारी सीजन में बीसीसीएल का बड़ा कदम, कोयला उत्पादन निगरानी के लिए मुख्यालय के अधिकारी तैनात
BCCL ने त्योहारी सीजन में कोयला उत्पादन और डिस्पैच सुचारु रखने के लिए मुख्यालय के अधिकारियों को नौ क्षेत्रों की निगरानी की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है।

कोयला उत्पादन बढ़ाने के लिए अधिकारियों के साथ को निर्देश देते BCCL CMD Manoj Agrwala. (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, धनबाद। त्योहारी सीजन में कोयला उत्पादन और डिस्पैच व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) प्रबंधन अलर्ट हो गया है। इसके तहत 18 अक्टूबर से 21 नवंबर 2026 तक नौ एरिया की निगरानी के लिए मुख्यालय के अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ये अधिकारी संबंधित एरिया महाप्रबंधकों के साथ समन्वय बनाकर उत्पादन, डिस्पैच, सुरक्षा और परियोजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सहयोग करेंगे। सीएमडी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मुख्यालय के महाप्रबंधकों और विभागाध्यक्षों को विभिन्न एरिया का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
बरोरा में महाप्रबंधक (ईएंडएम), ब्लाक-2 में महाप्रबंधक (वाशरी) और (जेएमपी), गोविंदपुर में महाप्रबंधक (सुरक्षा) और (एमपीएंडआर) को जिम्मेदारी दी गई है।
कतरास में निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) के तकनीकी सचिव, सिजुआ में महाप्रबंधक (पीपी), कुसुंडा में महाप्रबंधक (पर्यावरण), बस्ताकोला में महाप्रबंधक (एस्टेट), ईजे में महाप्रबंधक (क्यूसी) और पीबी एरिया में महाप्रबंधक (यूजी एवं साइडिंग) निगरानी करेंगे।
नोडल अधिकारियों को जरूरत के अनुसार एरिया का दौरा कर प्रगति की समीक्षा करने और रिपोर्ट सीएमडी कार्यालय तथा संबंधित निदेशक (तकनीकी) को भेजने का निर्देश दिया गया है। तीनों शिफ्ट में कंट्रोल रूम और वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Coal India: बीसीसीएल ने कोकिंग कोयले की कीमतों में किया बदलाव, नई दरें लागू
यह भी पढ़ें- BCCL में बड़े पैमाने पर तबादला, एक झटके में बदल गए एमएम विभाग के 16 अधिकारी
समन्वय की जिम्मेदारी महाप्रबंधक (मानव संसाधन) को सौंपी गई है। इस पहल का उद्देश्य त्योहारी अवधि में उत्पादन और कोयला डिस्पैच की निरंतरता बनाए रखना है।
