बीसीसीएल जन्मतिथि विवाद: 370 कर्मचारियों की जांच जारी, 51 को मिला सेवा विस्तार
भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में 370 कर्मचारियों के जन्मतिथि विवाद पर जांच जारी है, जिसमें 51 को सेवा विस्तार मिल चुका है। शेष 319 कर्मचारियों के दस्तावेजों का सत्यापन दो उच्चस्तरीय कमेटियां कर रही हैं, जिनकी रिपोर्ट दिसंबर तक आने की उम्मीद है।

319 कर्मचारियों के दस्तावेजों का हो रहा सत्यापन, दिसंबर तक दोनों कमेटियों की रिपोर्ट आने की उम्मीद।
आशीष अंबष्ठ, धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में जन्मतिथि विवाद के कारण नौकरी की अवधि बढ़ाने की मांग करने वाले 370 कर्मचारियों के आवेदनों पर प्रबंधन ने जांच शुरू कर दी है। इनमें एक साल से कम सेवा अवधि वाले 51 कर्मचारियों को तीन से चार साल तक का सेवा विस्तार मिल चुका है। कुछ कर्मचारियों की सेवा अवधि में एक साल की भी बढ़ोतरी हुई है।
वहीं, शेष 319 कर्मचारियों के आवेदनों और दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। कर्मचारियों ने पुराने स्कूल प्रमाणपत्रों और अन्य शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर कंपनी के सेवा अभिलेखों में दर्ज जन्मतिथि में संशोधन की मांग की है। कई मामलों में सेवा अभिलेख, डिजिटल रिकॉर्ड और व्यक्तिगत दस्तावेजों में अलग-अलग जन्मतिथि दर्ज होने से विवाद की स्थिति बनी हुई है।
दो उच्चस्तरीय कमेटियां कर रही दस्तावेजों की जांच, दिसंबर तक रिपोर्ट की उम्मीद
जन्मतिथि विवाद के निपटारे के लिए कंपनी प्रबंधन ने दो उच्चस्तरीय कमेटियों का गठन किया है। मुख्यालय की ओर से दोनों कमेटियों को अगस्त तक जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया था, लेकिन बड़ी संख्या में आवेदन और दस्तावेजों के सत्यापन में लग रहे समय के कारण जांच पूरी नहीं हो सकी। अब दिसंबर तक रिपोर्ट आने की उम्मीद है।
जांच में मानव संसाधन, वित्त एवं स्थापना समेत संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हैं। कमेटियां कर्मचारियों के पुराने प्रमाणपत्रों, सेवा अभिलेखों और डिजिटल रिकॉर्ड का मिलान कर दस्तावेजों की वैधता की जांच करेंगी।
साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि प्रस्तुत दस्तावेज वास्तविक हैं या बाद में तैयार कराए गए हैं। जांच रिपोर्ट निदेशक मंडल के समक्ष रखी जाएगी, जिसके आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
बीसीसीएल के कुल कार्यबल का 1.2 प्रतिशत जन्मतिथि विवाद की जद में। कंपनी में करीब 30 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं। ऐसे में 370 मामले कुल कर्मचारियों का लगभग 1.2 प्रतिशत हैं।
जन्मतिथि में संशोधन का सीधा असर कर्मचारियों की सेवा अवधि, सेवानिवृत्ति की तिथि, वेतन और अन्य सेवा लाभों पर पड़ता है। यही वजह है कि प्रबंधन सभी पहलुओं की जांच के बाद ही फैसला लेना चाहता है।
क्षेत्रवार जन्मतिथि विवाद के मामले
बस्ताकोला : 55
कतरास : 41
पीबी क्षेत्र : 39
सिजुआ : 30
सीवी क्षेत्र : 27
बरोरा : 25
कुसुंडा : 24
लोदना : 23
ब्लाक-दो : 20
मुख्यालय एवं तकनीकी : 18
ईजे क्षेत्र : 18
गोविंदपुर : 17
डब्ल्यूजे क्षेत्र : 14
डब्ल्यूडब्ल्यूजेड क्षेत्र : 14
सीपीडी क्षेत्र : 5
कुल : 370 मामले
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।