Seva Joyti Yatra की मशाल से झुलसे भाजपा सांसद के भाई विधायक शत्रुघ्न महतो, कार्यकर्ताओं की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
Dhanbad BJP Incident: धनबाद में प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर निकाली गई सेवा ज्योति यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया।
HighLights
धनबाद में सेवा ज्योति यात्रा के दौरान हादसा टला।
मशाल की चिंगारी से विधायक शत्रुघ्न महतो की शर्ट में आग।
विधायक को हल्की खरोंचें आईं, बड़ा नुकसान टला।
जागरण संवाददाता, धनबाद। Seva Jyoti Yatra Incident: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को धनबाद में भाजपा की ओर से सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। इस दाैरान एक बड़ा हादसा टल गया।
सेवा ज्योति यात्रा के दाैरान जलती मशाल की चिंगारी धनबाद के सांसद ढुलू महतो के भाई और बाघमारा के विधायक शत्रुघ्न महतो की शर्ट पर गिर गई, जिससे उनकी शर्ट में आग लग गई। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए आग बुझाई। इस घटना में विधायक बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्रा के दौरान हाथ में मशाल लिए भाजपा नेता और कार्यकर्ता चल रहे थे। इसी दौरान एक मशाल से तेल या जलती हुई चिंगारी छिटककर विधायक शत्रुघ्न महतो की शर्ट पर गिर गई। देखते ही देखते शर्ट में आग पकड़ ली। बगल में ही खड़े धनबाद सांसद ढुल्लू महतो और अन्य नेता भी वहीं मौजूद थे।
अफरा-तफरी के बीच बुझाई गई आग
कपड़े में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ चल रहे लोगों ने तुरंत हाथ से आग को बुझाने का प्रयास किया। कुछ लोगों ने शर्ट को खींचकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग ज्यादा नहीं फैली और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। विधायक को हल्की खरोंच के अलावा ज्यादा चोट नहीं आई है।
मंच पर भी मौजूद थे सांसद और विधायक
बताया जा रहा है कि इस दौरान मंच पर 25 साल सेवा ही राष्ट्रसेवा का बैनर लगा था और पीछे भाजपा का चुनाव चिन्ह भी दिख रहा था। माइक और मीडिया के सामने ही यह घटना हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे।
सुरक्षा पर उठे सवाल
मशाल जुलूस में इस तरह की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। मशाल में अधिक तेल होने और हवा के कारण आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि भाजपा नेताओं ने इसे छोटी घटना बताते हुए यात्रा जारी रखी। फिलहाल विधायक शत्रुघ्न महतो पूरी तरह सुरक्षित हैं।
यह भी पढ़ें- बंगाल के जवाब में मैथन सीमा पर झारखंड पुलिस का चेकपोस्ट, कोयला-लोहा की जांच शुरू
यह भी पढ़ें- धनबाद में मानसून के बाद बारिश, 10 अक्टूबर तक आंधी-गर्जन का येलो अलर्ट जारी; तनाव में शिल्पकार
