विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल के जवाब में मैथन सीमा पर झारखंड पुलिस का चेकपोस्ट, कोयला-लोहा की जांच शुरू

Published: Wed, 07 Oct 2026 01:53 PM (GMT+05:30)

Maithon Check Post: झारखंड-बंगाल सीमा पर एक नया चेकनाका स्थापित किया गया है, जहां कोयला, बालू और गिट्टी ले जाने ...और पढ़ें

मैथन चेक पोस्ट पर ट्रक की जांच करते थाना प्रभारी। (फोटो जागरण)

मैथन चेक पोस्ट पर ट्रक की जांच करते थाना प्रभारी। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. मैथन में झारखंड-बंगाल सीमा पर नया चेकनाका स्थापित।

  2. ट्रकों की ओवरलोडिंग और वैध कागजात की गहन जांच।

  3. पुल पर वाहनों की लंबी कतारें, दुर्घटना का खतरा बढ़ा।

संवाद सूत्र, मैथन (धनबाद)। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मैथन थाना की पुलिस ने झारखंड-बंगाल सीमा स्थित मुकुल पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार सुबह नया चेकनाका स्थापित किया। मैथन ओपी प्रभारी अभिनव कुमार खुद चेकनाका पर मौजूद रहे और घंटों ट्रकों की जांच की।

पुलिस कर्मियों व स्थानीय युवकों के सहयोग से पश्चिम बंगाल से झारखंड आने वाले मालवाहक वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

जांच के दौरान मुख्य रूप से कोयला, बालू, गिट्टी और सरिया लदे वाहनों में ओवरलोडिंग के साथ जीएसटी चालान समेत अन्य वैध कागजात की पड़ताल की जा रही है।

नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों पर जुर्माना लगाया जा रहा है। ओपी प्रभारी अभिनव कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर चेकनाका शुरू किया गया है और अगले आदेश तक जांच अभियान जारी रहेगा।

बंगाल की कार्रवाई का जवाब माना जा रहा कदम

स्थानीय लोग इसे पश्चिम बंगाल पुलिस की सीमा पर होने वाली सख्त वाहन जांच की प्रतिक्रिया के तौर पर देख रहे हैं। उनका कहना है कि बंगाल सीमा पर झारखंड से आने वाले मालवाहक वाहनों की लंबे समय से जांच होती रही है।

इससे चालकों को परेशानी होती है। व्यापारियों व जिला प्रशासन की शिकायतों के बाद झारखंड सीमा पर भी जांच तेज की गई है।

पुल पर वाहनों की कतार, हादसे का खतरा

चेकिंग शुरू होने के बाद दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सड़क पुल पर भारी वाहनों की लंबी कतार लगने लगी है। इससे जाम के साथ पुल पर अत्यधिक भार बढ़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पुल की पहले भी दो बार मरम्मत हो चुकी है। ऐसे में लगातार भारी वाहनों की कतार से इसकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

बिचौलियों की सक्रियता बढ़ी

जांच शुरू होते ही सीमावर्ती क्षेत्र में बिचौलियों और दलालों की सक्रियता भी बढ़ने की चर्चा है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने और अनावश्यक जाम रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- काकरोचों को मारने का स्प्रे, चूहों के सामने लाचार भारतीय रेलवे; फर्स्ट एसी तक में बेटिकट सफर

यह भी पढ़ें- धनबाद में मानसून के बाद बारिश, 10 अक्टूबर तक आंधी-गर्जन का येलो अलर्ट जारी; तनाव में शिल्पकार