विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अनूप सिंह तीसरी बार बनेंगे इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष, कोयला उद्योग में चार लेबर कोड और जेबीसीसीआई गठन में देरी पर चर्चा

Published: Sun, 22 Nov 2026 12:05 PM (GMT+05:30)

इंडियन नेशनल माइन वर्कर्स फेडरेशन के 33वें राष्ट्रीय अधिवेशन में विधायक अनूप सिंह तीसरी बार अध्यक्ष चुने जा सकते हैं। इस अधिवेशन में कोयला उद्योग के भविष्य, मजदूरों के अधिकारों और नई कमेटी में युवाओं को शामिल करने पर चर्चा हो रही है।

बांधवगढ़ में इंटक के 33वें राष्ट्रीय अधिवेशन, रिक्त पदों पर भी होगी नियुक्ति।

बांधवगढ़ में इंटक के 33वें राष्ट्रीय अधिवेशन, रिक्त पदों पर भी होगी नियुक्ति।

HighLights

  1. अनूप सिंह तीसरी बार फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे।

  2. नई कमेटी में युवा श्रमिक नेताओं को जिम्मेदारी मिलेगी।

  3. कोयला उद्योग के भविष्य और मजदूरों के अधिकारों पर मंथन।

आशीष अंबष्ठ, धनबाद। कोयला मजदूरों के अधिकार, रोजगार की सुरक्षा और कोयला उद्योग के भविष्य की रणनीति तय करने के लिए मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के बांधवगढ़ में आयोजित इंडियन नेशनल माइन वर्कर्स फेडरेशन (इंटक) के 33वें राष्ट्रीय अधिवेशन का रविवार को अंतिम सत्र शुरू हो गया है।

तीन दिवसीय अधिवेशन के इस महत्वपूर्ण सत्र में संगठन के नए नेतृत्व, कमेटी के पुनर्गठन और कोयला उद्योग से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा हो रही है। फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जेबीसीसीआई सदस्य जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह तीसरी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जा सकते हैं।

उनके नाम की सर्वसम्मति से घोषणा होने की संभावना है। अंतिम सत्र में इसका प्रस्ताव लाया जाएगा। पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह के बाद अनूप सिंह को अध्यक्ष की कमान सौंपी गई। अधिवेशन में इस बार संगठन की नई कमेटी के गठन पर विशेष जोर है।

पिछले कुछ समय में फेडरेशन के कई वरिष्ठ नेताओं के निधन से विभिन्न पद रिक्त हो गए हैं। इनमें पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक, गिरिजाशंकर पांडेय, एमडी विश्वकर्मा और महेंद्र विश्वकर्मा सहित अन्य नेताओं के नाम शामिल हैं।

इन नेताओं के निधन से संगठन में खाली हुए पदों को नई कमेटी के गठन के दौरान भरा जाएगा। वरिष्ठता और संगठन में योगदान के आधार पर अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी देने के साथ नई पीढ़ी के श्रमिक नेताओं को भी आगे लाने की तैयारी है।

नई कमेटी में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संगठन का प्रयास है कि अनुभवी नेतृत्व के मार्गदर्शन में युवा श्रमिक नेताओं को जिम्मेदारी मिले, ताकि आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूती मिल सके।

रविवार को होने वाले अंतिम सत्र में कई वरिष्ठ श्रमिक नेता और संगठन के पदाधिकारी कोयला उद्योग की वर्तमान परिस्थितियों, मजदूरों की चुनौतियों और भविष्य की रणनीति पर अपने विचार रखेंगे।

कोयला उद्योग की चुनौतियों पर होगा मंथन

अधिवेशन में कोल इंडिया और उसकी अनुषंगी कंपनियों की नीतियों, कोयला क्षेत्र में निजीकरण की संभावनाओं, आउटसोर्सिंग, बढ़ती ठेका प्रथा और मैनपावर की स्थिति जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जा रहे हैं। इसके अलावा चारों लेबर कोड के संभावित प्रभाव, श्रमिक संगठनों के अधिकार, सामूहिक सौदेबाजी और सामाजिक सुरक्षा पर भी प्रतिनिधि अपनी बात रख रहे हैं।

जेबीसीसीआई के गठन में हो रही देरी भी अधिवेशन के प्रमुख मुद्दों में शामिल है। प्रतिनिधियों का मानना है कि जेबीसीसीआई के गठन में विलंब होने से कोयला कामगारों के आगामी वेतन समझौते की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। ऐसे में वेतन, भत्ते, चिकित्सा सुविधाएं, आवास, रोजगार की सुरक्षा और ठेका मजदूरों के अधिकारों से जुड़े लंबित मुद्दों पर संगठन की भावी रणनीति तय की जाएगी।

कोयला क्षेत्र को निजीकरण की दिशा में ले जाने की कोशिश: अनूप सिंह

फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप सिंह ने कहा कि कोयला मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए संगठन हमेशा संघर्ष करता रहा है। मजदूरों के अधिकारों से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोयला क्षेत्र को निजीकरण की दिशा में ले जाने की कोशिश हो रही है। इससे सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार की स्थिरता और श्रमिकों के भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं।

अधिवेशन में बीसीसीएल, ईसीएल, एमसीएल, सीसीएल, डब्ल्यूसीएल, एनसीएल, एसईसीएल, सीएमपीडीआईएल और मेटल सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि शामिल हैं। 

1949 में पड़ी थी राष्ट्रीय खान मजदूर फेडरेशन की नींव, 33वां अधिवेशन शुरू

इंडियन नेशनल माइन वर्कर्स फेडरेशन (आईएनएमएफ) राष्ट्रीय खान मजदूर फेडरेशन (इंटक) की नींव वर्ष 1949 में पड़ी थी। फेडरेशन का एक ऐतिहासिक अधिवेशन वर्ष 1956 में चिरकुंडा क्षेत्र के लायकडीह डीप कोलियरी में प्रख्यात मजदूर नेता रघुवर प्रसाद के नेतृत्व में हुआ था।
कौन बने थे पहले, कौन-कौन रहा है।

fedration history

पहला अधिवेशन (आसनसोल)
फेडरेशन के पहले अधिवेशन में पश्चिम बंगाल के आसनसोल में देवेन सेन को अध्यक्ष तथा माइकल जॉन को महासचिव चुना गया था। दोनों का कार्यकाल तीन वर्ष निर्धारित था।

दूसरा अधिवेशन (झरिया, धनबाद, 1951)
वर्ष 1951 में धनबाद के झरिया में हुए दूसरे अधिवेशन में नेतृत्व में अदला-बदली हुई। इसमें माइकल जॉन अध्यक्ष और देवेन सेन महासचिव बने। वर्ष 1951 से 1956 तक दोनों ने इन्हीं पदों पर अपनी जिम्मेदारी संभाली।

1956 से 1970 तक का दौर
इसके बाद माइकल जॉन अध्यक्ष और कांति मेहता महासचिव रहे। इसी दौर में वर्ष 1956 में चिरकुंडा में रघुवर प्रसाद के नेतृत्व में अधिवेशन हुआ था, जिसे फेडरेशन के इतिहास में मील का पत्थर माना जाता है।

1970 से 1972
इस अवधि में आर. के. मालवीय अध्यक्ष और कांति मेहता महासचिव बने।

1972 से 1974
इस कार्यकाल में रामनारायण शर्मा अध्यक्ष रहे।

1974 से 1990 तक (स्थिरता का दौर)
इस दौरान कांति मेहता अध्यक्ष और एस. एस. दासगुप्ता महासचिव की जिम्मेदारी संभालते रहे। यह फेडरेशन के इतिहास का एक लंबा और स्थिर दौर रहा।

1990 से 1993 (बिंदेश्वरी दुबे का कार्यकाल)
वर्ष 1990 में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बिंदेश्वरी दुबे फेडरेशन के अध्यक्ष बने। 1990 से 1993 तक उनके साथ एस. एस. दासगुप्ता महासचिव रहे। 20 जनवरी 1993 को बिंदेश्वरी दुबे का निधन हो गया।

1993 से 1994
बिंदेश्वरी दुबे के निधन के बाद कांति मेहता पुनः अध्यक्ष और एस. एस. दासगुप्ता महासचिव बने।

1994 से 1995
वर्ष 1994-95 में एस. चौधरी अध्यक्ष और एस. क्यू. जामा महासचिव थे।

1997 से 2020 (राजेंद्र प्रसाद सिंह का सबसे लंबा कार्यकाल)
इंटक के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री स्व. राजेंद्र प्रसाद सिंह ने फेडरेशन में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 1997 से 2020 में अपने निधन तक वे लगातार अध्यक्ष पद पर रहे।

anup singh

2020 से अनूप सिंह को मिली कमान

वर्ष 2020 में राजेंद्र प्रसाद सिंह के निधन के बाद जैनामोड़ (बेरमो) में फेडरेशन की आपात वर्किंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह को अध्यक्ष चुना गया।

वर्ष 2022 में पुरी में आयोजित अधिवेशन में भी वे निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। वर्तमान में एस. क्यू. जामा महासचिव (सेक्रेटरी जनरल) की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, और अब 33वें अधिवेशन में भी अध्यक्ष पद के लिए अनूप सिंह के नाम पर ही सहमति बनती दिख रही है।

यह भी पढ़ें- बीसीसीएल, ईसीएल, सेल और टाटा स्टील के कोयला डिस्पैच पर उठे सवाल, रेल रैक से ढुलाई पर जांच; रेलवे से मांगा हिसाब

यह भी पढ़ें- कोयला कर्मियों की ग्रेच्युटी 20 से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने की मांग, बांधवगढ़ में इंटक अधिवेशन में मजदूरों के हितों पर चर्चा

यह भी पढ़ें- हजारों कोयला कर्मियों की पेंशन रुकने की नौबत, सीएमपीएफ पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की डेडलाइन 30 नवंबर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।