Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Aastha Abhay: सिंदरी की बेटी छोटे पर्दे पर मचा रही धमाल, ऐसी है 'मेरी डोली, मेरे अंगना' सीरियल में भूमिका

    By MritunjayEdited By:
    Updated: Wed, 24 Nov 2021 05:28 PM (IST)

    Aastha Abhay बचपन से ही आस्था को अभिनय का शौक था। पिता के निधन के बाद पढ़ाई के साथ-साथ बचपन के शौक को पूरा करने का अभियान जारी रखा। इंजीनियरिंग की परी ...और पढ़ें

    Hero Image
    टीवी सीरियल अभिनेत्री आस्था अभय ( फाइल फोटो)।

    गोविंद नाथ शर्मा, झरिया। सिंदरी में जन्मी और पली बढ़ी 27 वर्षीय आस्था अभय इन दिनों टीवी सीरियल की दुनिया में धमाल मचा रही हैं। पिता के निधन के बाद मां के सहयोग से आस्था ने खुद के दम पर आगे की पढ़ाई करते हुए टीवी सीरियल की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद वह आगे बढ़ती ही चली गई। आस्था अभी मुंबई में रहकर 'मेरी डोली, मेरे अंगना' टीवी सीरियल में जानकी की लीड भूमिका निभा रही हैं। इसके पूर्व आस्था चर्चित टीवी सीरियल 'कसौटी जिंदगी की' में मुख्य कलाकार अनुराग बासु की छोटी बहन ताबुल बासु का रोल कर काफी प्रसिद्धि पाई। वर्षों से मुंबई में रहकर आस्था ने छोटे पर्दे की दुनिया में अपनी खास पहचान बनाई है। आस्था को आज भी सिंदरी, झरिया और धनबाद से काफी लगाव है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आस्था के पिता अभय सिंह सिंदरी में थे सरकारी डॉक्टर

    टीवी अभिनेत्री आस्था अभय ने कहा कि मेरे पिताजी डॉ अभय कुमार सिंह सिंदरी बीआइटी में वर्षों तक पदस्थापित रहे। माता, पिता और चार बहनों श्वेता सिंह तृषा सिंह, तनवी सिंह के साथ यहीं रहते थे। सिंदरी एफसीआइ अस्पताल में मेरा जन्म हुआ। डिगवाडीह माउंट कार्मेल स्कूल से कक्षा छह तक पढ़ाई की। वर्ष 2002 में पिता का निधन हो गया। इसके बाद मां उषा सिंह के साथ रांची चली आई। यहां पिता के बदले मां को सरकारी नौकरी मिली। यही रह कर आगे की पढ़ाई जारी रखते हुए टीवी सीरियल की दुनिया में कदम रखा।

    मिस इंडिया अर्थ की फाइनलिस्ट

    आस्था ने कहा कि पिता के निधन के बाद मां के सहयोग से बचपन के शौक अभिनय करने को जारी रखते हुए आगे की पढ़ाई की। इंजीनियरिंग की परीक्षा पास की। टेक महिंद्रा कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर जॉब भी लगा। लेकिन अपने शौक को पूरा करने के लिए अभिनय को प्रमुखता दिया। पुणे में अभिनय का कोर्स कर मॉडलिंग की। 2016 में मिस बंगलोर बनी। इसी साल मिस इंडिया अर्थ की फाइनललिस्ट रही। इसके बाद मुंबई चली गई। काफी संघर्ष के बाद श्रीमद् भागवत टीवी सीरियल में माता सरस्वती की भूमिका मिली। इसके बाद कई टीवी सीरियल में काम करने का ऑफर आया। अभी तक आधा दर्जन से अधिक मशहूर टीवी सीरियल में काम कर चुके हैं। इनमें कसौटी जिंदगी की, प्यार तूने क्या किया, वानी रानी, लाल इश्क, कौन है आदि शामिल हैं। मेरी डोली मेरे अंगना सीरियल में अभी काम कर रहे हैं।

    बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को दे रही है गति

    चार बहनों में सबसे छोटी टीवी अभिनेत्री आस्था अभय मारवाड़ी युवा मंच से जुड़कर बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ सरकार के अभियान को गति दे रही है। पिछले दिनों आस्था ने मुंबई में मायुमं के झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष व आइटी प्रभारी विवेक लिल्हा के साथ बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पोस्टर का लोकार्पण मुंबई में किया। झारखंड प्रांत मारवाड़ी युवा मंच के शिक्षा, राष्ट्रीय विकास और एकता कार्यक्रम के संयोजक मनीष शर्मा ने आस्था के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान से जुड़ने पर हर्ष जताया है। आस्था ने कहा कि कन्या भ्रूण संरक्षण व बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान में मंच देश में मिसाल के रूप में काम कर रहा है। मंच के इस कार्यक्रम से जुड़कर बहुत खुशी हुई।