धनबाद-झरिया में कुत्तों के आतंक से सहमे लोग; 10 दिनों में 602 लोगों को बनाया शिकार Dhanbad News
धनबाद और झरिया शहर में डॉग बाइट की घटना छह गुना तेजी से बढ़ रही है। इसे लेकर लोग भी डरे हुए हैं। वहीं निगम की ओर से डॉग स्कैचर टीम बनानी थी जो अभी तक धरातल पर नहीं उतरा है।
धनबाद, जेएनएन। लॉकडाउन में डॉग बाइट की घटना कम होने के बाद अब अनलॉक शुरू होने पर यह छह गुना तेजी से बढ़ने लगी है। पीएमसीएच के एंटी रेबीज वैक्सीन सेंटर की मानें तो पिछले 10 दिनों में 602 लोगों को कुत्ते काटने के बाद वैक्सीन दी गई है। सबसे ज्यादा मामले झरिया शहर और धनबाद शहर के आ रहे हैं। सेंटर के अधिकारियों की माने तो लगभग 40 फीसद मामले इन्हीं दो शहरों से आ रहे हैं।
इन दो शहरों में सबसे ज्यादा आबादी है। इन्हीं जगहों पर कुत्ते लोगों को निशाना बना रहे हैं। इधर, शहर में नगर निगम की योजनाएं भी अभी तक फेल साबित हुई हैं। निगम की ओर से डॉग स्कैचर टीम बनानी थी, लेकिन अभी तक इस धरातल पर नहीं उतरा है।
तेजी से बढ़ रहे मामले : अनलॉक होने के बाद से लोग घरों से निकलने लगे हैं। यही वजह है कि डॉग बाइट की संख्या भी बढ़ने लगी है। इससे पहले लॉकडाउन के समय अमूमन 8 से 10 लोगों को ही कुत्ते काटते थे। इसमें भी वह कुत्ते शामिल थे, जो घरों के पालतू हैं। लेकिन अनलॉक में स्थिति उलट हो रही है। हर दिन औसतन 60 लोगों को कुत्ते काट रहे हैं। इस तरह से लगभग 6 गुने मामले बढ़े हैं। पीएमसीएच के एंटी रेबीज वैक्सीन सेंटर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुला रहता है। इसके बाद डॉग बाइट के मरीजों को इमरजेंसी विभाग भेजा जाता है, जहां इन्हें वैक्सीन उपलब्ध कराई जाती है।
कब, कितने मामले
18 जुलाई 72
19 जुलाई 64
20 जुलाई 52
21 जुलाई 48
22 जुलाई 60
23 जुलाई 58
24 जुलाई 65
25 जुलाई 46
27 जुलाई 71
28 जुलाई 66
अनलॉक में एक बार फिर से डॉग बाइट की संख्या बढ़ी है। कई लोग ऐसे हैं, जो अपने घरों से बेवजह बाहर निकल रहे हैं। जिन्हें कुत्ते अपना शिकार बना रहे हैं। अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध है। -डॉ. एके चौधरी, अधीक्षक, पीएमसीएच, धनबाद।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।