मधुपुर स्टेशन पर ट्रॉली बैग से निकला 25 किलो गांजा, ओडिशा का युवक गिरफ्तार
मधुपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने 25 किलोग्राम गांजा के साथ ओडिशा के एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक ...और पढ़ें

तस्कर और बरामद गांजा के साथ मधुपुर आरपीएफ की टीम। (फोटो सौजन्य)
HighLights
मधुपुर स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई
25 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
गांजा लेकर रुड़की जा रहा था युवक
संवाद सूत्र, मधुपुर (देवघर)। मधुपुर आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन से 25 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद आरोपित को आरपीएफ ने जीआरपी के हवाले कर दिया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 12.50 लाख रुपये आंकी गई है। रेल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान ओडिशा के नयागढ़ जिले के दाभाकर गांव निवासी चंदन पुष्टि के रूप में की गई है। बताया गया कि आरोपित ओडिशा से गांजा लेकर मधुपुर पहुंचा था। यहां से किसी ट्रेन के माध्यम से रुड़की जाने की तैयारी में था। उसके पास से मधुपुर से रुड़की तक का रेल टिकट भी बरामद किया गया है।
काली पूजा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मधुपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर तैनात जवानों की नजर एक युवक पर पड़ी। उसके पास एक ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग था।
संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए जवानों ने उससे पूछताछ की। इस दौरान युवक घबराने लगा। संदेह के आधार पर जब उसके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। गांजा अलग-अलग 11 पैकेटों में रखा गया था। इसके बाद युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
धनबाद आने की थी योजना, फिर बदला रास्ता
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह ओडिशा से ट्रेन पकड़कर धनबाद आने वाला था। हालांकि, बाद में उसने अपनी योजना बदल दी और सड़क मार्ग से मधुपुर पहुंच गया।
यहां से ट्रेन पकड़कर उसे रुड़की जाना था। आरपीएफ के अनुसार, गांजे की तस्करी करना एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन है। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए आरोपित को जीआरपी के हवाले कर दिया गया है।
तस्करी नेटवर्क की तलाश में रेल पुलिस
पुलिस को आशंका है कि गांजा तस्करी के इस मामले में युवक के साथ कोई अन्य तस्कर भी शामिल हो सकता है, जो मौके से फरार होने में सफल रहा।
रेल पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क और गिरोह का पता लगाने में जुटी है। युवक ओडिशा से मधुपुर कैसे पहुंचा और गांजे की खेप किसके लिए लेकर आया था, इसकी भी जांच की जा रही है।
बताया जाता है कि मधुपुर स्टेशन पर नशाखुरानी, नकली शराब और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े गिरोहों की गतिविधियों को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने इस कारोबार को मिलने वाले कथित संरक्षण पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि यदि वरीय अधिकारी अपने स्तर से मामले की जांच करें, तो तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े लोगों और उन्हें संरक्षण देने वालों का खुलासा हो सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।