देवघर में पुलिस की वर्दी में आए लुटेरे, जांच के बहाने तार से लदा ट्रक लेकर फरार; जमुई के 2 युवक गिरफ्तार
देवघर में पुलिसकर्मी बनकर तार लदे ट्रक को लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते ...और पढ़ें

एआई से बनाई गई तस्वीर
HighLights
पुलिसकर्मी बनकर देवघर में तार लदे ट्रक की लूट।
जमुई निवासी दो आरोपित गिरफ्तार, लूटा ट्रक बरामद।
घटना में प्रयुक्त इनोवा कार और मोबाइल फोन भी जब्त।
संवाद सूत्र, चकाई (जमुई)। पुलिसकर्मी बनकर वाहन जांच के नाम पर ट्रक लूटने वाले गिरोह का देवघर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। अपराधियों ने पहले खुद को पुलिसकर्मी बताकर तार लदे ट्रक को रुकवाया और फिर चालक और उपचालक को बंधक बनाकर ट्रक लेकर फरार हो गए।
इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जमुई जिले के चकाई और झाझा निवासी दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटा गया ट्रक और घटना में इस्तेमाल की गई इनोवा कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विगत पांच नवंबर की सुबह करीब सात बजे देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिसकर्मी बनकर तार लदे ट्रक को कागजात जांचने के बहाने रुकवाया।
इसके बाद चालक और उपचालक को अपने कब्जे में लेकर दूसरी गाड़ी में बैठा लिया। अपराधियों ने ट्रक मालिक से पैसों की मांग की और इसी दौरान ट्रक लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद ट्रक मालिक रामेश्वर निवासी समयपुर बादली, रोहिणी, दिल्ली ने मोहनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उनके आवेदन के आधार पर थाना में कांड दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए देवघर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआइटी) गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर कांड में संलिप्त दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुकेश कुमार राय निवासी गादी नवादा, थाना चकाई तथा कैलाशपति मिश्रा निवासी पुरानी बाजार, थाना झाझा जमुई के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित वर्तमान में देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के मानिकपुर में रह रहे थे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर लूटा गया ट्रक नंबर डीएल-01एलएएच-4721 और वारदात में इस्तेमाल इनोवा कार नंबर जेएच-15एएफ-0051 और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।