जमुई में घर के भीतर मिली पति-पत्नी की लाश, संपत्ति विवाद में हत्या की आशंका
जमुई के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के लकड़ा गांव में एक बुजुर्ग दंपती की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी ...और पढ़ें

HighLights
लकड़ा गांव में बुजुर्ग दंपती की बेरहमी से हत्या।
पति-पत्नी के शव घर में गला रेते हुए मिले।
पुलिस पारिवारिक और संपत्ति विवाद की जांच कर रही।
संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई)। चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के ठाड़ी पंचायत अंतर्गत आदिवासी बहुल लकड़ा गांव में शुक्रवार की रात एक दंपती की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
शनिवार दोपहर घर के भीतर पति-पत्नी का लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों का गला रेता हुआ बताया जा रहा है।
मृतकों की पहचान 75 वर्षीय सुरजू बेसरा और उनकी 70 वर्षीय पत्नी संझली हांसदा के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वहीं, पुलिस इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात दंपती अपने घर में थे। शनिवार दोपहर तक जब दोनों घर से बाहर नहीं निकले तो ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई।
इसके बाद कुछ लोग घर के भीतर पहुंचे तो वहां पति-पत्नी का शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। दोनों का गला रेता हुआ था। देखते ही देखते घटना की खबर पूरे गांव में फैल गई। इसके बाद चंद्रमंडी थाना पुलिस को सूचना दी गई।
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों के अनुसार, दंपती को कोई संतान नहीं थी। दोनों के बीच अक्सर विवाद होने की बात भी सामने आ रही है।
वहीं, इलाके में दबी जुबान संपत्ति विवाद को भी हत्या की संभावित वजह से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस पारिवारिक विवाद, संपत्ति विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल चंद्रमंडी थाना क्षेत्र का सुदूरवर्ती और आदिवासी बहुल इलाका है।
गांव चारों ओर से जंगल और पहाड़ियों से घिरा है। यहां तक पहुंचने के लिए भी सुगम रास्ता नहीं है। पूर्व में यह इलाका नक्सल गतिविधियों को लेकर संवेदनशील रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और चुप्पी का माहौल है। लोग खुलकर कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं।
इधर, मृतका संझली हांसदा के मायके चरकापत्थर थाना क्षेत्र के सिद्धेश्वरी गांव में भी घटना की सूचना दे दी गई है। सूचना मिलते ही चंद्रमंडी पुलिस आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
चंद्रमंडी थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार ने बताया कि दंपती का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच और घटनास्थल की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही हत्या के कारणों के संबंध में कुछ कहा जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।