Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Mahashivratri 2023: शिवमय हुई बाबानगरी, भक्तों ने निकाली भोले की बरात; घंटों सड़कों पर झूमता रहा शहर

    By Jagran NewsEdited By: Roma Ragini
    Updated: Sun, 19 Feb 2023 08:19 AM (IST)

    Mahashivratri 2023 देवघर में शिवभक्तों ने भगवान भोले की बरात निकाली। बरात में हजारों की संख्या में शामिल लोग नाचते-गाते हुए झांकियों के साथ देवघर मंदिर तक पहुंचे। फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी अभिनेत्री भाग्यश्री और अक्षरा सिंह समेत कई कलाकारों ने इस मौके पर प्रस्तुति दी।

    Hero Image
    देवघर में महाशिवरात्रि पर निकली भगवान शंकर की बरात

    देवघर, जागरण संवादाता। महाशिवरात्रि पर वैद्यनाथ धाम देवघर पूरी तरह भगवान शिव की भक्ति और उपासना में लीन रही। अलसुबह से लेकर देर रात तक हर ओर उत्सव का माहौल रहा। वहीं, सड़क से लेकर मंदिर तक बोल बम के नारे से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बाबा मंदिर में शनिवार देर शाम तक एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने यहां ज्योतिर्लिंग पर जलार्पण किया। शुक्रवार देर रात से ही शिवभक्त बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए कतार में खड़े हो गए थे। सुबह 3.05 पांच बजे विधिवत सरकारी पूजा के बाद 3:45 बजे आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर का पट खोला गया। इसके बाद कतार तेजी से आगे बढ़ने लगी। धीरे-धीरे भक्तों की यह कतार बाबा मंदिर से तीन किलोमीटर दूर बीएड कालेज परिसर तक पहुंच गई।

    दिन में 11 बजे तक करीब 60 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा भोले की पूजा कर ली थी, जबकि शाम तक आंकड़ा एक लाख के पार पहुंच गया। सुबह नौ बजे तक आठ हजार लोगों ने शीघ्रदर्शनम के माध्यम से बाबा भोले की पूजा की। महाशिवरात्रि की भीड़ और व्यवस्था को देखते हुए वीआइपी पूजा पर शनिवार को रोक लगाई गई थी।

    मनोज तिवारी, अक्षरा सिंह ने दी प्रस्तुति

    इसके अलावा शहर और आसपास के शिवालयों में भी काफी भीड़ रही। शाम को बाबा भोले की बरात केकेएन स्टेडियम से निकली। बरात में हजारों की संख्या में शामिल लोग नाचते-गाते हुए झांकियों के साथ देवघर मंदिर तक पहुंचे। फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी, गायक दीपक ठाकुर, अभिनेत्री भाग्यश्री और अक्षरा सिंह समेत कई कलाकारों ने इस मौके पर प्रस्तुति दी।

    डीआइजी सुर्दशन प्रसाद मंडल, डीसी मंजूनाथ भजंत्री, एसपी सुभाष चंद्र जाट, एसडीओ सह मंदिर प्रभारी दीपांकर चौधरी आदि रात से ही पूरी व्यवस्था पर नजर रखे रहे। जिला बल के अलावा रैफ, जैप आदि को मिलाकर करीब 2200 पुलिसकर्मियों और पदाधिकारियों को तैनात किया गया था। सादे लिबास में भी सुरक्षा कर्मी मुस्तैद रहे।

    मंदिर में 100 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही थी। वहीं, यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए कई जगहों पर बैरियर लगे थे। भीड़ को देखते हुए बाघमारा, कोठिया, चरकीपहाड़ी, हथगढ़ में विशेष वाहन पड़ाव की व्यवस्था रही। शिव बरात के रूट पर छोटे वाहनों के प्रवेश पर भी दोपहर बाद रोक रही।