विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवघर में SBI का पूरा ATM उखाड़ ले गए चोर, 500 मीटर तक टोचन कर इनोवा में लादकर फरार

By Amit SoniEdited By: Mritunjay Pathak
Published: Tue, 06 Oct 2026 03:11 PM (GMT+05:30)

Deoghar ATM Stolenझारखंड के देवघर में नंदन पहाड़ मोहल्ला स्थित सेवा धाम के पास से एसबीआई का पूरा एटीएम चोर उखाड़कर ले गए।

HighLights

  1. देवघर में एसबीआई का पूरा एटीएम चोरी हुआ।

  2. चोरों ने गैस कटर से शटर काटकर मशीन उखाड़ी।

  3. एटीएम को 500 मीटर घसीटकर वाहन में लादकर ले गए।

संवाद सहयोगी, देवघर। झारखंड के देवघर जिले के नंदन पहाड़ मोहल्ला स्थित सेवा धाम के समीप एसबीआइ का एटीएम ही चोर उखाड़कर ले गए। मंगलवार की अहले सुबह करीब 3:30 बजे हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

गैस कटर से एटीएम कक्ष का शटर काटने के बाद चोरों ने अंदर लगी पूरी एटीएम मशीन को बाहर निकाला। इसके बाद करीब 500 मीटर तक मशीन को टोचन करते हुए ले गए और फिर एक चारपहिया वाहन, बताया जा रहा है कि इनोवा, में लोड कर फरार हो गए।

बताया जाता है कि वारदात को करीब सात लोगों ने अंजाम दिया। सभी ने चेहरे को गमछे से ढक रखा था। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात कही जा रही है।

सूचना मिलते ही नगर थाना की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।

गार्ड की तैनाती नहीं, हूटर भी नहीं बजा

स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में एटीएम बंद कर दिया जाता है। इस कारण वहां सुरक्षा गार्ड की तैनाती नहीं रहती है।

एटीएम कक्ष में सीसीटीवी कैमरा और हूटर लगा होने की बात कही जा रही है, लेकिन वारदात के दौरान हूटर नहीं बजने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि हूटर ने काम क्यों नहीं किया।

एटीएम में कितनी रकम थी, जानकारी नहीं

चोर एटीएम मशीन ही उखाड़कर ले गए हैं। मशीन में उस समय कितनी नकदी थी, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है।

नकदी की वास्तविक जानकारी एटीएम में कैश डालने वाली एजेंसी या बैंक अधिकारियों से ही मिल सकेगी। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि मशीन में बड़ी रकम मौजूद हो सकती है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें- झारखंड-छत्तीसगढ़ के BJP संगठन महामंत्रियों की अदला-बदली, पवन साय और कर्मवीर ने बाबा बैद्यनाथ से लिया आशीर्वाद

यह भी पढ़ें- उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के देवघर दौरे की तैयारी शुरू, सुरक्षा-यातायात व्यवस्था पर मंथन